कांजी करमटोली बाल विवाह मुक्त ग्राम घोषित

डुमरी के कांजी में लोहरदगा ग्राम स्वराज्य संस्थान ने की विशेष ग्राम सभा
डुमरी. डुमरी प्रखंड की जुरमू पंचायत अंतर्गत कांजी करमटोली गांव में लोहरदगा ग्राम स्वराज्य संस्थान ने विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया. ग्राम सभा में ग्रामीणों को बाल विवाह, फाइलेरिया बीमारी व नशापान के खिलाफ जागरूक किया गया. साथ ही कांजी गांव को आधिकारिक रूप से बाल विवाह मुक्त ग्राम घोषित किया गया. प्रशासनिक अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से गांव में बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं को जड़ से समाप्त करने की शपथ ली. मुख्य अतिथि बीडीओ उमेश कुमार स्वांसी ने कहा कि नशामुक्ति और बाल विवाह मुक्ति एक दूसरे से गहराई से जुड़े हैं. कहा कि जब तक परिवार नशा मुक्त नहीं होगा, तब तक आप अपने बच्चों की अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य पर सही ढंग से ध्यान नहीं दे पायेंगे. उन्होंने ग्रामीणों से अपील कि गांव को सुरक्षित व विकसित बनाने के लिए नशे से संबंधित किसी भी चीजों का सेवन या निर्माण नहीं करें. बीडीओ ने फाइलेरिया बीमारी को जड़ से समाप्त करने के लिए लोगों से फाइलेरियारोधी दवा खाने के लिए प्रेरित किया. मुखिया इग्नासियुस मिंज ने कहा कि विशेष ग्राम सभा का मुख्य उद्देश्य बाल विवाह व फाइलेरिया रोग के प्रति जागरूकता फैलाना है. उन्होंने कहा कि पंचायत को फाइलेरिया मुक्त बनाने के लिए सभी लोगों का सहयोग जरूरी है. उन्होंने अपील की कि प्रत्येक ग्रामीण फाइलेरिया की दवा अवश्य सेवन करने व स्वास्थ्य विभाग के अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी की अपील की. संस्था के प्रतिनिधि तुर मोहम्मद ने ग्रामीणों को बच्चों के चार मौलिक अधिकारों जीवन जीने का अधिकार, सुरक्षा का अधिकार, विकास का अधिकार व शिक्षा का अधिकार के बारे में जानकारी दी. ग्रामसभा की अध्यक्षता प्रिंसी कुजूर ने की. मौके पर गौरी शंकर चौबे, तेरेसा एक्का, अमीना लकड़ा, सुमित्रा केरकेट्टा, अलेन पंकज टोप्पो, ललिता कुजूर समेत ग्रामीण उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




