दिल्ली में गुमला की आदिवासी युवती ने की सुसाइड, शव लाने के लिए परिजनों के पास नहीं है पैसा, मदद की लगायी गुहार

गुमला जिला के पुलुंग गांव की प्रीति तिर्की ने दिल्ली के रजौरी गार्डन में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. अब इसके परिजनों के पास इतना पैसा नहीं है कि प्रीति के शव को लाकर पैतृक गांव में अंतिम संस्कार करे. इसको लेकर परिजनों ने सरकार और जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगायी है.
Jharkhand News (दुर्जय पासवान, गुमला) : झारखंड के गुमला जिला से 70 किमी दूर जारी थाना के मेराल पंचायत स्थित पुलुंग गांव की 18 वर्षीय प्रीति तिर्की ने दिल्ली के रजौरी गार्डन इलाके के एक घर में फांसी लगाकर सुसाइड कर ली. पोस्टमार्टम के बाद प्रीति का शव दिल्ली के एक अस्पताल में पड़ा हुआ है. लेकिन, गरीबी के कारण परिजनों के पास दिल्ली जाकर प्रीति का शव लाने के लिए पैसा नहीं है.
जानकारी के अनुसार, प्रीति तिर्की जिस घर में विगत 6 माह से खाना बनाने का काम करती थी. उसी घर में आत्महत्या की है. मृतका के दो बड़ी बहन व मां पुष्पा तिर्की दिल्ली के दूसरे जगह में खाना बनाने का काम करती है. मृतका के पिता रोबोट मिंज ने बताया कि मंगलवार को बेटी से रात के 12 बजे तक बात हुई थी. सवेरे दूसरी बेटी जो दिल्ली में रहती है, उसने मुझे फोन पर बताया कि प्रीति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.
दूरभाष पर मृतका की मां पुष्पा तिर्की ने बताया कि हम सभी 2018 से ही दिल्ली में रहकर काम करते थे. लेकिन 6 माह पूर्व मेरी बेटी प्रीति तिर्की दूसरे घर में रहकर खाना बनाने का काम कर रही थी. रोजाना उससे फोन पर बात होती थी. लेकिन, कभी किसी बात को लेकर मुझे कुछ नहीं बतायी. रात को ही फांसी लगायी है और अभी तक उसका पोस्टमार्टम तक नहीं कराया गया है.
उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि बेटी का अंतिम संस्कार अपने पैतृक गांव पुलुंग में हो, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण बेटी के शव को अपने गांव ले जाने की स्थिति में नहीं हैं. उन्होंने सरकार से मदद की गुहार लगायी है.
Posted By : Samir Ranjan.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










