संत इग्नेसियुस हाई स्कूल में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस, समाज को जागरूक होने का संदेश

Updated:
विज्ञापन

संबोधित करते अतिथि | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

गुमला के संत इग्नेसियुस हाई स्कूल में स्वतंत्रता दिवस पर नशा और अंधविश्वास मुक्त समाज का संदेश दिया गया। छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

विज्ञापन

गुमला. संत इग्नेसियुस हाई स्कूल एवं इंटर कॉलेज, गुमला में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पत्रकार दुर्जय पासवान उपस्थित रहे. विद्यालय परिसर में राष्ट्रध्वज फहराने के बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए.

विज्ञापन

स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान

समारोह के दौरान विद्यालय की छात्रा संध्या और छात्र निरंजन ने अपने संबोधन में देश की आजादी के इतिहास तथा स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान का उल्लेख किया. विद्यार्थियों ने कहा कि देश को आजादी दिलाने के लिए अनेक वीरों ने अपना जीवन न्योछावर किया. उनके संघर्ष और बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं. उन्होंने युवाओं से स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की.

नशापान और अंधविश्वास आज की गुलामी

मुख्य अतिथि पत्रकार दुर्जय पासवान ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आजादी केवल अंग्रेजी शासन से मुक्ति का नाम नहीं है, बल्कि व्यक्ति और समाज को हर प्रकार की बुराई से मुक्त करना भी सच्ची स्वतंत्रता है. उन्होंने कहा कि आज समाज के सामने नशापान, अंधविश्वास, अशिक्षा, सामाजिक भेदभाव और कुरीतियां बड़ी चुनौती हैं. नशा युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर रहा है, जबकि अंधविश्वास समाज की सोच और विकास को पीछे खींचता है .

देश की आजादी के लिए संघर्ष किया

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने आसपास के लोगों को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करें और अंधविश्वास के बजाय शिक्षा, वैज्ञानिक सोच और विवेक को अपनाएं. उन्होंने कहा कि जिस तरह स्वतंत्रता सेनानियों ने देश की आजादी के लिए संघर्ष किया, उसी तरह आज की पीढ़ी को सामाजिक बुराइयों के खिलाफ लड़ाई लड़नी होगी. तभी स्वतंत्रता दिवस मनाने का उद्देश्य सार्थक होगा.

ये भी पढ़ें: गुमला के लायंस क्लब में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

देश के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनना चाहिए

विद्यालय के प्रधानाध्यापक फादर मनोहर खोया ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को देश के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनना चाहिए. शिक्षा के साथ अनुशासन, ईमानदारी, सेवा और राष्ट्रप्रेम को जीवन का हिस्सा बनाने की जरूरत है. कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola