गुमला में फांसी लगाकर दो लोगों ने दी जान, एक ने कुएं में लगाई छलांग

Published by :KumarVishwat Sen
Published at :04 Mar 2026 2:26 PM (IST)
विज्ञापन
Gumla News

गुमला का पोस्टमार्टम हाउस

Gumla News: झारखंड के गुमला जिले में 24 घंटे के भीतर तीन लोगों की मौत से सनसनी फैल गई. भरनो और बेलगांव में दो युवकों ने फांसी लगाकर आत्महत्या की, जबकि कुलाबीरा में एक व्यक्ति की कुएं में डूबने से जान चली गई. पुलिस ने तीनों मामलों में जांच शुरू कर दी है. पूरी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

गुमला से दुर्जय पासवान की रिपोर्ट

Gumla News: झारखंड के गुमला जिले में बीते 24 घंटे के भीतर तीन अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गयी. दो लोगों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जबकि एक व्यक्ति की कुएं में डूबने से जान चली गयी. लगातार हुई इन घटनाओं से जिले में शोक और चिंता का माहौल है. पुलिस ने तीनों मामलों में यूडी केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

भरनो में 16 वर्षीय किशोर ने लगायी फांसी

पहली घटना भरनो थाना क्षेत्र के गढ़टोली गांव की है. यहां 16 वर्षीय आशीष उरांव ने मंगलवार रात करीब 9:30 बजे अपने घर में साड़ी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के समय परिजन घर में ही मौजूद थे, लेकिन किसी को इसकी भनक नहीं लगी. कुछ देर बाद जब परिजनों को संदेह हुआ तो उन्होंने कमरे में जाकर देखा. वहां आशीष फंदे से झूलता मिला. आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही गुमला पुलिस सुबह अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. परिजनों ने बताया कि आत्महत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं है. किशोर के इस कदम से परिवार सदमे में है.

कुलाबीरा में कुएं में डूबने से 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत

दूसरी घटना गुमला के कुलाबीरा ढाउढाटोली गांव की है. यहां 40 वर्षीय कालेफ खड़िया की कुएं में डूबने से मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार, कालेफ रात में बिना किसी को बताए घर से बाहर निकल गया था. देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की. इसी दौरान गांव के कुछ लोग शौच के लिए बाहर निकले थे. उन्होंने घर से कुछ दूरी पर स्थित एक कुएं की दिशा से गिरने जैसी आवाज सुनी. संदेह होने पर ग्रामीण जब कुएं के पास पहुंचे तो देखा कि एक व्यक्ति अंदर गिरा पड़ा है.

ग्रामीणों ने परिजनों को दी जानकारी

ग्रामीणों ने तुरंत अन्य लोगों और परिजनों को सूचना दी. रात में ही ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया. घटना की जानकारी गांव के मुखिया को दी गयी, जिन्होंने प्रशासन को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. परिजनों के अनुसार, कालेफ के अचानक घर से निकलने के कारणों की जानकारी नहीं मिल पायी है. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि यह दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी है.

बेलगांव में युवक ने पेड़ से लटककर दी जान

तीसरी घटना गुमला सदर थाना क्षेत्र के बेलगांव की है. यहां 26 वर्षीय केश्वर गोप ने देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. जानकारी के अनुसार, उसकी पत्नी तीन दिन पहले अपने चार वर्षीय पुत्र के साथ होली मनाने मायके गयी थी. बताया जा रहा है कि घटना की रात केश्वर घर में अकेला था. देर रात वह घर से कुछ दूरी पर स्थित एक पेड़ के पास गया और रस्सी के सहारे फांसी लगा ली. मंगलवार सुबह जब परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो परिवार में कोहराम मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. मृतक के चाचा जीतवाहन गोप ने बताया कि केश्वर किसी बात को लेकर परेशान था या नहीं, इसकी स्पष्ट जानकारी परिवार को नहीं है.

इसे भी पढ़ें: धनबाद में होली पर हाई अलर्ट, 5 मार्च सुबह 6 बजे तक एक्टिव रहेगा कंट्रोल रूम

पुलिस जांच जारी, इलाके में शोक का माहौल

तीनों घटनाओं के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है. आत्महत्या और डूबने की घटनाओं के पीछे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है. लगातार तीन मौतों से गुमला जिले में शोक और चिंता का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सामाजिक और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है. प्रशासन भी लोगों से अपील कर रहा है कि किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर परिवार या संबंधित विभाग से संपर्क करें, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.

इसे भी पढ़ें: पलामू के देवरी में सोन नदी के किनारे अनजान युवती का शव मिला, होली में फैली सनसनी

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola