ePaper

धनबाद में होली पर हाई अलर्ट, 5 मार्च सुबह 6 बजे तक एक्टिव रहेगा कंट्रोल रूम

Updated at : 04 Mar 2026 12:32 PM (IST)
विज्ञापन
Dhanbad Holi High Alert

Dhanbad Holi High Alert

Dhanbad Holi High Alert: धनबाद में होली को लेकर हाई अलर्ट जारी किया गया है. 3 मार्च से 5 मार्च सुबह 6 बजे तक कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा. सभी थाना क्षेत्रों में दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात रहेंगे. शराब बिक्री पर प्रतिबंध रहेगा और सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी की जाएगी. पूरी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

Dhanbad Holi High Alert: रंगों के त्योहार होली को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं. उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार और एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद ने संयुक्त आदेश जारी कर पूरे जिले में विशेष निगरानी व्यवस्था लागू कर दी है. प्रशासन ने साफ किया है कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ काम करेंगे.

सात जोन में बांटा गया जिला, हर जोन में अधिकारी तैनात

होली के मद्देनजर धनबाद जिले को कतरास, धनबाद, चिरकुंडा, तोपचांची, झरिया, गोविंदपुर और टुंडी जोन में विभाजित किया गया है. प्रत्येक जोन में जोनल दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है. सभी थाना और ओपी क्षेत्रों में दंडाधिकारी के साथ पुलिस पदाधिकारी की मौजूदगी सुनिश्चित की गई है. प्रशासन का उद्देश्य यह है कि किसी भी तरह की अप्रिय घटना की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई हो सके. संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है.

3 मार्च दोपहर 2 बजे से 5 मार्च सुबह 6 बजे तक कंट्रोल रूम सक्रिय

होली के अवसर पर 3 मार्च दोपहर 2 बजे से 5 मार्च की सुबह 6 बजे तक जिला नियंत्रण कक्ष 24 घंटे कार्यरत रहेगा. अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे को नियंत्रण कक्ष का संपूर्ण प्रभार सौंपा गया है. वहीं डीएसपी सीसीआर सुमित कुमार पुलिस पदाधिकारी के वरीय प्रभार में रहेंगे. जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 0326-2311217, 2311107 और 112 जारी किए गए हैं. आपात स्थिति में आम लोग इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं. कंट्रोल रूम में चिकित्सकों की टीम, आवश्यक जीवन रक्षक दवाएं और एम्बुलेंस की व्यवस्था भी की गई है, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तुरंत इलाज उपलब्ध कराया जा सके.

सभी थाना और ओपी में रहेगी विशेष तैनाती

धनबाद जिले के सभी प्रमुख थाना क्षेत्रों और ओपी में दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है. इनमें धनबाद, बैंक मोड़, सरायढेला, धनसार, झरिया, जोरापोखर, सुदामडीह, पाथरडीह, तिसरा, सिंदरी, बलियापुर, केंदुआडीह, पुटकी, लोयाबाद, जोगता, कतरास, राजगंज, महुदा, मधुबन, बरोरा, तेतुलमारी, बाघमारा, तोपचांची, हरिहरपुर, बरवाअड्डा, गोविंदपुर, टुंडी, पूर्वी टुंडी, मनियाडीह, निरसा, चिरकुंडा थाना और भूली, घनुआडीह, बोर्रागढ़, भौंरा, लोदना, अलखडीहा, गौशाला, मुनिडीह, भागाबांध, अंगारपथरा, कपूरिया, रामकनाली, गोंदुडीह, खरखरी, ईस्ट बसुरिया, सोनारडीह, धर्माबांध, कालूबथान, कुमारधुबी, मैथन, गलफरबाड़ी, भाटडीह और पंचेत ओपी शामिल हैं. प्रत्येक क्षेत्र में अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर रखेंगे और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत कार्रवाई करेंगे.

लगातार भ्रमणशील रहेगा पुलिस का मोबाइल दस्ता

होली के दौरान पुलिस का मोबाइल दस्ता लगातार गश्त करेगा. अनुमंडल दंडाधिकारी, सभी डीएसपी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और साइबर डीएसपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी विशेष नजर रखेंगे. व्हाट्सएप ग्रुप सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भ्रामक, आपत्तिजनक या विधि व्यवस्था को प्रभावित करने वाली पोस्ट पर कड़ी निगरानी रहेगी. सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल सक्रिय रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.

स्वास्थ्य सेवाओं की 24 घंटे व्यवस्था

होली के अवसर पर किसी भी प्रकार की आकस्मिक दुर्घटना की स्थिति में त्वरित इलाज सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय अस्पताल और एसएनएमएमसीएच के अधीक्षक को इमरजेंसी वार्ड में 24 घंटे चिकित्सकों की टीम उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया है. इसके अलावा जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों और उप स्वास्थ्य केंद्रों में भी 24 घंटे डॉक्टर, एएनएम और स्वास्थ्यकर्मी तैनात रहेंगे. एम्बुलेंस सेवा भी पूरी तरह सक्रिय रहेगी.

इसे भी पढ़ें: पलामू के पूर्वडीहा में जीवित है परंपरागत होली कीर्तन की परंपरा, वसंत पंचमी से शुरू

शराब बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध, अवैध कारोबार पर सख्ती

होली के दौरान जिले की सभी देशी-विदेशी शराब दुकानें, बार और रेस्टोरेंट पूरी तरह बंद रहेंगे. इस अवधि में मदिरा की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है. प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अवैध शराब की चुलाई, भंडारण या बिक्री करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

इसे भी पढ़ें: होली में हाई अलर्ट पर धनबाद के एसएनएमएमसीएच का इमरजेंसी विभाग, 4 मार्च को 24 घंटे इलाज

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola