14 साल बाद पासपोर्ट शुल्क में बड़ा बदलाव, सामान्य पासपोर्ट अब 2,500 रुपये; तत्काल सेवा भी हुई महंगी
AI Image
14 साल बाद पासपोर्ट सेवाओं के शुल्क में बड़ा बदलाव हुआ है. 1 जुलाई 2026 से लागू होने वाली नई दरों के तहत सामान्य और तत्काल दोनों तरह के पासपोर्ट बनवाने महंगे हो जाएंगे. जानिए नई फीस और क्या हैं खास प्रावधान.
धनबाद. केंद्र सरकार ने करीब 14 साल बाद पासपोर्ट से जुड़ी सेवाओं के शुल्क में बदलाव किया है. विदेश मंत्रालय ने पासपोर्ट (संशोधन) नियम, 2026 के तहत नयी शुल्क दरें अधिसूचित की हैं. ये दरें 1 जुलाई 2026 से लागू हैं. नयी व्यवस्था में 36 पेज वाले सामान्य पासपोर्ट के लिए शुल्क 1,500 रुपये से बढ़ाकर 2,500 रुपये कर दिया गया है. वहीं 60 पेज वाले पासपोर्ट के लिए अब 3,500 रुपये देने होंगे, जबकि पहले शुल्क 2,000 रुपये था. नयी दरें नये पासपोर्ट के साथ पुराने पासपोर्ट के री-इश्यू पर भी लागू हैं.
तत्काल सेवा भी हुई महंगी
तत्काल सेवा के तहत पासपोर्ट बनवाने वालों को भी अब अधिक शुल्क देना होगा. 36 पेज वाले पासपोर्ट के लिए तत्काल शुल्क 5,000 रुपये निर्धारित किया गया है, जो पहले 3,500 रुपये था. इसी तरह 60 पेज वाले पासपोर्ट का तत्काल शुल्क 4,000 रुपये से बढ़ाकर 6,000 रुपये कर दिया गया है. अधिसूचना में तत्काल शुल्क को सामान्य शुल्क सहित निर्धारित किया गया है.
खोने या क्षतिग्रस्त होने पर भी बढ़ा शुल्क
पासपोर्ट खो जाने या क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में नया पासपोर्ट जारी कराने का शुल्क भी बढ़ाया गया है. 36 पेज वाले पासपोर्ट के लिए सामान्य शुल्क 5,000 रुपये और तत्काल शुल्क 7,500 रुपये है. 60 पेज वाले पासपोर्ट के लिए सामान्य शुल्क 6,000 रुपये तथा तत्काल शुल्क 8,500 रुपये निर्धारित किया गया है.
ये भी पढ़ें: कोल इंडिया के अधिकारियों को कोयला मंत्रालय में पोस्टिंग का मौका, 17 सितंबर तक मांगे आवेदन
2012 में तय हुई थीं पुरानी दरें
विदेश मंत्रालय की अधिसूचना में 2026 की संशोधित दरों की तुलना 2012 में निर्धारित शुल्क से की गयी है. इसके अनुसार 36 पेज के सामान्य नये या री-इश्यू पासपोर्ट का शुल्क 1,500 रुपये था, जो अब 2,500 रुपये हो गया है. 60 पेज के पासपोर्ट का शुल्क 2,000 रुपये से बढ़कर 3,500 रुपये हुआ है. इस तरह लंबे अंतराल के बाद पासपोर्ट सेवाओं के शुल्क में संशोधन किया गया है.
नाबालिग और वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी प्रावधान
नये शुल्क ढांचे में 18 वर्ष से कम आयु के नाबालिग आवेदकों के लिए 36 पेज के पासपोर्ट का सामान्य शुल्क 1,750 रुपये और तत्काल शुल्क 4,250 रुपये रखा गया है. इसके अलावा आठ वर्ष तक के बच्चों और 60 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों के नये पासपोर्ट आवेदन पर 10 फीसदी शुल्क छूट का प्रावधान किया गया है. यह छूट केवल नये आवेदन पर लागू है, री-इश्यू पर नहीं.
ये भी पढ़ें: 6.72 करोड़ से चमकेगी 12 सरकारी स्कूलों की तस्वीर, भवन निर्माण से लेकर स्मार्ट सुविधाओं तक होगा विकास
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए