गुमला नगर परिषद अध्यक्ष शकुंतला उरांव ने लीं शपथ, रमेश कुमार चीनी बने उपाध्यक्ष

गुमला नगर परिषद का उपाध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद जश्न मनाते रमेश कुमार चीनी. फोटो: प्रभात खबर
Gumla News: गुमला नगर परिषद में शकुंतला उरांव ने अध्यक्ष पद की शपथ ली, जबकि रमेश कुमार चीनी उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए. शपथ ग्रहण समारोह में उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने सभी 22 वार्ड पार्षदों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई और नगर के विकास के लिए समर्पित होकर कार्य करने की अपील की. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.
गुमला से दुर्जय पासवान की रिपोर्ट
Gumla News: झारखंड में गुमला नगर परिषद की नवनिर्वाचित अध्यक्ष शकुंतला उरांव और सभी 22 वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को अनुमंडल कार्यालय के सभागार में आयोजित किया गया. इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने अध्यक्ष समेत सभी वार्ड पार्षदों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. समारोह में नगर के जनप्रतिनिधि, अधिकारी और अन्य लोग मौजूद रहे.
उपाध्यक्ष पद के लिए कराया गया अप्रत्यक्ष चुनाव
शपथ ग्रहण के बाद नगर परिषद के उपाध्यक्ष पद के लिए अप्रत्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया पूरी कराई गई. इस चुनाव में पार्षदों ने मतदान कर अपने प्रतिनिधि का चयन किया. मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई और उसके बाद मतों की गणना की गई. घोषित परिणाम के अनुसार रमेश कुमार चीनी को 10 मत, मनीष कुमार को 9 मत तथा मुशरद परवीन को 3 मत प्राप्त हुए. सबसे अधिक मत मिलने के कारण रमेश कुमार चीनी को नगर परिषद गुमला का उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया. इसके बाद उन्हें भी पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई.
उपायुक्त ने जिम्मेदारी निभाने की अपील
इस अवसर पर उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि नगर परिषद के सभी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे नगर के विकास और नागरिकों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दें. उन्होंने यह भी कहा कि जनप्रतिनिधि निष्पक्षता, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें. इससे नगर के विकास को गति मिलेगी और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में नशे के कारोबारियों की बढ़ेंगी मुश्किलें, जिलों में स्पेशल टास्क फोर्स बनाएगी सरकार
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान कई प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे. कार्यक्रम में अपर समाहर्ता गुमला, डीसीएलआर राजीव कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सदर राजीव नीरज सहित सभी निर्वाची पदाधिकारी मौजूद थे. समारोह के दौरान नगर परिषद के सभी नवनिर्वाचित पार्षदों ने भी नगर के विकास के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया. कार्यक्रम शांतिपूर्ण और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ. नगर परिषद के नए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चयन के साथ ही गुमला में नगर विकास से जुड़ी नई उम्मीदें भी जागी हैं. स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि नई टीम शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाएगी.
इसे भी पढ़ें: मेदिनीनगर की महापौर अरुणा शंकर ने लीं शपथ, डिप्टी मेयर चुनाव की प्रक्रिया शुरू
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




