खाद्य सुरक्षा विभाग ने चलाया छापेमारी अभियान
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 07 Feb 2026 9:40 PM
खाद्य सुरक्षा विभाग ने चलाया छापेमारी अभियान
पालकोट. आगामी होली पर्व के मद्देनजर दूध व दुग्ध उत्पाद, मसाले, खाद्य तेल तथा बेसन जैसे खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका बढ़ जाती है. इसको ध्यान में रखते हुए जिले के पालकोट क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा मानकों एवं जनस्वास्थ्य से जुड़े नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सघन छापेमारी अभियान चलाया गया. यह अभियान खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी श्री प्रकाश चंद्र गुग्गी के नेतृत्व में संचालित किया गया. अभियान के दौरान तंबाकू व तंबाकू उत्पादों की बिक्री पाये जाने पर संबंधित दुकानदारों से जुर्माना वसूला गया. निरीक्षण में पालकोट बाजार क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठान बंशीधर होटल, पालकोट मिष्ठान भंडार व डेयरी, सोनाली स्वीट्स एंड चाइनीज फूड, गुप्ता भोजनालय, कंसारी बुक डिपो, हिंदुस्तान डेयरी फ्रेश फिशरीज एंड रिसर्च सेंटर, रामविलास स्टोर आदि की गहन जांच की गयी. जांच के दौरान खाद्य पदार्थों के भंडारण, स्वच्छता, लेबलिंग, एक्सपायरी तिथि, पैकेजिंग मानक एवं गुणवत्ता की पड़ताल की गयी. निरीक्षण के दौरान बंशीधर होटल से कलाकंद व पालकोट मिष्ठान भंडार से रसगुल्ला तथा पनीर के नमूने, वहीं हिंदुस्तान डेयरी फ्रेश फिशरीज एंड रिसर्च सेंटर से पनीर का नमूना सील करते हुए प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया. खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत मानकों में कमी पाये जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जायेगी. इस दौरान दुकानदारों को खाद्य पदार्थों को स्वच्छ व सुरक्षित वातावरण में रखने, परिसर की नियमित सफाई बनाये रखने, गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा खाद्य लाइसेंस एवं आवश्यक दस्तावेजों को अद्यतन रखने के निर्देश दिये गये.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










