गुमला में गजराज का आतंक: हाथियों ने चार घरों को किया ध्वस्त, दंपती घायल
4 गुम 14 में मुआवजा देते फॉरेस्टर | Prabhat Khabar Network
झारखंड के कामडारा में हाथियों के हमले से चार घर ध्वस्त हो गए और एक दंपती गंभीर रूप से घायल हो गया। वन विभाग ने घायलों को सहायता राशि प्रदान की है।
कामडारा: कामडारा प्रखंड के कोंसा पहाड़ टोली में सोमवार की देर रात दो हाथियों ने चार घरों को क्षतिग्रस्त कर अनाज व सामान नष्ट कर दिया. हमले में प्रेमचंद केरकेट्टा (47) और उनकी पत्नी नीलिमा केरकेट्टा (45) गंभीर रूप से घायल हो गये, जबकि 12 वर्षीय रेशमी केरकेट्टा को आंशिक चोट पहुंची है.
सोमवार की रात करीब 12 बजे हाथियों ने प्रेमचंद के घर पर अचानक धावा बोल दिया, जिससे बाहर निकलने की कोशिश में हाथी ने प्रेमचंद को सूंड से लपेटकर पटक दिया, जिससे उनका पैर टूट गया. वहीं अंदर सो रही नीलिमा दीवार गिरने से दब गयी.
कामडारा सीएचसी के डॉ परेश बेदिया ने नीलीमा के कंधे, कमर व रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट को देखते हुए उन्हें रिम्स रेफर कर दिया है. हाथियों ने जोहन, पीयूष और नीस्तलन केरकेट्टा के घरों को भी तबाह कर दिया. सूचना पर पहुंचे वनपाल शेखर सिंह ने घटनास्थल का दौरा कर ग्रामीणों को सुरक्षा उपाय व फॉरेस्ट हेल्पलाइन नंबर दिये.
वन विभाग ने घायलों के इलाज के लिए तत्काल 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि, मुआवजा फॉर्म व टॉर्च प्रदान की. साथ ही स्थानीय मुखिया को टॉर्च और पटाखे बांटे गये. घटना के बाद गांव में दहशत व्याप्त है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दुर्जय पासवान
दुर्जय पासवान ने वर्ष 2001 से पत्रकारिता की शुरुआत की. दैनिक जागरण में दो साल काम करने के बाद 2003 में वे प्रभात खबर से जुड़े. इसके साथ ही नयी दुनिया अखबार, प्रहार मैगजीन में भी अपनी सेवा दी. इसके बाद 2010 में वे दैनिक भास्कर गुमला का ब्यूरो इंचार्ज के रूप में काम शुरू किये. भास्कर में पांच साल सेवा देने के बाद दोबारा 2014 में प्रभात खबर में ब्यूरो इंचार्ज के रूप में वापसी की. तब से अबतक प्रभात खबर से जुड़े हुए हैं. उन्होंने नक्सलियों से जुड़ी खबरें, नक्सली घटनाएं, ग्राउंड रिपोर्ट, प्राचीन और ऐतिहासिक धरोहरों की खोज से संबंधित खबरों पर अच्छा काम किया. इन्हीं खबरों ने उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में पहचान दी. दुर्जय पासवान बहुत लगन से अपना सभी काम का पूरा करते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










