युवक को बंधक बना टांगी से काटा, रिम्स ले जाने दौरान मौत

Updated:
विज्ञापन
युवक को बंधक बना टांगी से काटा, रिम्स ले जाने दौरान मौत

अंबाटोली गांव में शादी समारोह में नाच-गान के दौरान हुआ था विवाद

विज्ञापन

गुमला. पालकोट थाना अंतर्गत अंबाटोली गांव में शादी समारोह के दौरान हुए मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया. समारोह में नाच-गान के दौरान हुए विवाद में 27 वर्षीय दुर्गा उरांव पर टांगी (कुल्हाड़ी) से ताबड़-तोड़ जानलेवा हमला कर दिया गया. इसके बाद घायल युवक को रात भर आरोपी के घर के बाथरूम में बंधक बना कर रखा गया. अंततः इलाज के लिए रिम्स रांची ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. दर्ज फर्द बयान के अनुसार मृतक के भाई सोमरा उरांव ने बताया कि वह अपनी मां व छोटे भाई दुर्गा उरांव के साथ 17 मई को लोटवा गांव में अपने मामा की बेटी की शादी में गये थे. 19 मई की रात शादी समारोह में नाच-गान का कार्यक्रम चल रहा था. इस दौरान नाचने की बात को लेकर दुर्गा उरांव का लोटवा गांव के ही गंगा टोप्पो (पिता- स्वर्गीय हंसू उरांव) नामक युवक से विवाद हो गया. आरोप है कि इसके बाद गंगा टोप्पो ने दुर्गा को बहला-फुसला कर अपने घर बुला लिया और वहां ले जाकर उसके सिर पर टांगी से कई वार कर दिये. युवक को लहूलुहान करने के बाद आरोपी ने उसे रात भर अपने ही घर के बाथरूम में बंद रखा. अगले दिन सुबह जब दुर्गा वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की. खोजते हुए जब वे आरोपी गंगा टोप्पो के घर पहुंचे, तो वहां जमीन पर खून बिखरा देख उनका माथा ठनका. शक होने पर जब बाथरूम खोल कर देखा गया, तो दुर्गा वहां लहूलुहान और अचेत अवस्था में बंद मिला. परिजनों ने आनन-फानन में उसे निकाल कर सदर अस्पताल गुमला में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया. लेकिन रांची ले जाने के क्रम में बेड़ो के समीप दुर्गा ने दम तोड़ दिया. घटना की सूचना मिलते गुमला थाना के एएसआइ अरविंद कुमार ने सदर अस्पताल पहुंच कर मृतक के भाई सोमरा उरांव का फर्द बयान दर्ज किया. पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपी गंगा तोप्पो के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola