पानी आपूर्ति बंद करने पर फटकार
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :23 Apr 2017 1:22 AM (IST)
विज्ञापन

मंथन. विकास भवन में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक डीएसपी रोड से शराब की दुकान को हटाने का निर्देश गुमला : विकास भवन में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक हुई. अध्यक्षता सांसद सह केंद्रीय राज्य मंत्री सुदर्शन भगत ने की. बैठक में सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा की […]
विज्ञापन
मंथन. विकास भवन में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक
डीएसपी रोड से शराब की दुकान को हटाने का निर्देश
गुमला : विकास भवन में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक हुई. अध्यक्षता सांसद सह केंद्रीय राज्य मंत्री सुदर्शन भगत ने की. बैठक में सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा की गयी. मौके पर प्रभात खबर में छपी कई खबर पर समिति के लोग गंभीर दिखे. गुमला शहर में सप्लाई पानी बंद करने के मामले में नगर परिषद व पीएचइडी को सुनना पड़ा. अधिकारियों ने शहर की जनता को सुचारू ढंग से पानी देने के लिए कहा, नहीं तो संबंधित विभाग पर कार्रवाई करने की बात कही.
अध्यक्ष ने 25 अप्रैल को बोर्ड की बैठक बुला कर पूर्व में पारित प्रस्ताव नये पाइप में कनेक्शन के लिए ग्राहकों से शिफ्टिंग चार्ज दो हजार रुपये वसूली के प्रावधान को निरस्त करने के लिए कहा. विधायक शिवशंकर उरांव ने डीएसपी रोड में स्कूल के समीप खुली शराब की दुकान को बंद करने के लिए कहा. गुमला में लो-वोल्टेज की समस्या दूर करने का निर्देश दिया गया.
प्रभात खबर में जनमुद्दों को लेकर छपी खबर पर चर्चा
गायब शिक्षक उठा रहा है वेतन
नव प्राथमिक विद्यालय केचकी ढंकाटोली में तीन वर्षों से शिक्षक सीताराम उरांव गायब हैं, फिर भी शिक्षक वेतन ले रहे हैं. इस पर अध्यक्ष ने तुरंत जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश डीएसइ को दिया. वहीं पालकोट प्रमुख ने झिकिरमा में प्राथमिक विद्यालय भवन निर्माण की राशि निकाल कर हड़पने का अारोप लगाया और बताया कि बच्चे अभी भी पेड़ के नीचे पढ़ाई कर रहे हैं. कस्तूरबा आवासीय विद्यालय सिसई में जीवित पिता को मृत बता कर लड़की का नामांकन कराने काे लेकर उपायुक्त के पास अनुशंसा के लिए आवेदन भेजे जाने का मामला उठाया.
इइ पर गुस्साये विधायक
एनपीसीसी द्वारा फोरी-अटरिया-भंडरिया, डड़हा-छारदा मार्ग निर्माण में गुणवत्ता को ताक में रख कर काम कराया जा रहा है. बनते के साथ सड़क टूट रही है. 15 दिन में घास उग आया है. इसपर कार्यपालक अभियंता द्वारा सफाई देने एवं तकनीक का हवाला दिये जाने पर विधायक नाराज हुए. उन्होंने कहा हमें मत सिखायें, बल्कि आपको संवेदक पर कार्रवाई करनी चाहिए न कि सदन को गुमराह.
मेसर्स संजय अग्रवाल ब्लैक लिस्टेड होगा
बैठक में बताया गया कि डहुडांड़-टेंगरिया पथ एक सप्ताह में बन जायेगा. बाइपास सड़क की गुणवत्ता का मामला उठा. इस पर विधायक नाराज दिखे. संवेदक को चार करोड़ दिया गया है. जून तक जो काम करना है, पूरा होता नहीं दिख रहा है. संवेदक संजय अग्रवाल को ब्लैक लिस्टेड करने का निर्देश दिया गया. जानकारी दी गयी कि डुमरी जलमीनार में पुराने डीजल मोटर से पानी का सप्लाई करना संभव नहीं है. नयी योजना से जोड़ कर अधिक घरों में पाइप लाइन बिछा कर पानी सप्लाई करने के लिए कहा गया.
शराब दुकान उखाड़ कर फेंक देंगे
उत्पाद अधीक्षक मीटिंग में देर से पहुंचे. उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है. डीएसपी रोड में स्कूल के सामने शराब की दुकान खोलने का मामला उठाये जाने के पश्चात उत्पाद अधीक्षक से जवाब के लिए उन्हें खोजा गया, तब तक उत्पाद अधीक्षक मीटिंग में उपस्थित नहीं थे. वे बाद में आये. शराब दुकान स्कूल के सामने खोले जाने पर विधायक ने धमकी देते हुए कहा दुकान को जल्द हटवायें, अन्यथा दुकान उखाड़ कर फेंक देंगे.
प्रमुखों ने अनदेखी करने का लगाया आरोप
प्रखंड प्रमुखों ने पेयजल, सड़क निर्माण, लचर बिजली व्यवस्था व डीप बोरिंग जैसी योजनाओं के चयन में प्रतिनिधियों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया. प्रमुखों ने कहा योजना हमारी तरफ से बना कर भेजी जाती है, उसे बस्ते में बंद कर दिया जाता है. इस पर उपायुक्त ने सभी प्रमुखों को प्रमुख समिति के माध्यम से प्रस्ताव बना कर भेजने को कहा है.
बाजार टाड़ सेविका को हटाया जायेगा
सिसई बाजारटांड़ के आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका द्वारा संचालन ठीक से नहीं करने पर कार्रवाई करते हुए उन्हें हटा कर नयी सेविका का चयन करने के लिए कहा गया. प्रमुखों ने बताया कि बिशुनपुर व पालकोट में कई आंगनबाड़ी केंद्र लगभग बंद जैसी स्थिति में है. अध्यक्ष ने इसकी जांच के लिए विधायक की अध्यक्षता में जांच टीम गठित कर जांच के पश्चात् कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




