गुमला में चार लोगों की मौत, एक की हत्या, दो कुएं में गिरे, एक सड़क हादसे में मरा

दुर्जय पासवान, गुमला गुमला जिले में 24 घंटे के अंदर चार लोगों की मौत हुई है. गुमला में वृद्ध महिला की हत्या कर दी गयी. रायडीह व कामडारा में कुएं में गिरने से दो लोगों की मौत हो गयी. जबकि रायडीह में सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गयी. पहली घटना में गुमला […]
दुर्जय पासवान, गुमला
गुमला जिले में 24 घंटे के अंदर चार लोगों की मौत हुई है. गुमला में वृद्ध महिला की हत्या कर दी गयी. रायडीह व कामडारा में कुएं में गिरने से दो लोगों की मौत हो गयी. जबकि रायडीह में सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गयी. पहली घटना में गुमला थाना क्षेत्र के पुग्गू नवाटोली निवासी (60 वर्ष) चंपु देवी की शुक्रवार की रात्रि अज्ञात अपराधियों ने पत्थर से कूचकर हत्या कर दी.
चंपु देवी का शव घर से कुछ दूर स्थित छेदू उरांव के कुंआ से शनिवार की सुबह बरामद हुई. इस संबंध में मृतका की बेटी संगीता कुमारी ने बताया कि शुक्रवार की शाम गांव के कुछ महिला के साथ मां घूमने गयी थी. इसके बाद वह रात को घर नहीं लौटी. रात्रि को घर नहीं आने पर खोजबीन की. जिसके बाद भी मां का कुछ पता नहीं चल पाया.
शनिवार की सुबह ग्रामीणों ने बताया कि किसी महिला का शव कुएं में है. वहां जाकर देखने पर कुंआ में मां का मृत शरीर मिला. चंपु के चेहरे व सिर पर चोट का निशान है. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में कर गुमला सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया.
इस संबंध में मृतका का बेटा कृष्णा उरांव ने हत्या की आशंका कुलमुंडा बैगाटोली निवासी विनित ठाकुर पर व्यक्त की है. कृष्णा ने गुमला थाना में आवेदन दिया है. जिसमें कहा है कि मेरी बहन पूर्णिमा देवी के साथ विनित ठाकुर ने कोर्ट मैरिज किया है. उसके बाद भी मेरी बहन को विनित अपने घर पर नहीं रखा. विनित अक्सर धमकी देता था कि जो भी पूर्णिमा का साथ देगा या जो उसे रखेगा. उसे जान से मार देंगे.
कृष्णा ने कहा है कि हमलोगों ने अपनी बहन को अपने घर में रखा हुआ है. इसलिए आशंका है कि विनित ने मेरी मां की हत्या की है. इधर, आवेदन मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. दूसरी घटना में रायडीह प्रखंड के केमटे पंचायत के लाटू तेतरटोली निवासी बुचलाल उरांव (35 वर्ष) के कुएं में डूबने से मौत हो गयी.
जानकारी के अनुसार बुचलाल उरांव शनिवार को सुबह नौ बजे अपने घर से 200 मीटर दूर खेत के कुएं में नहाने के लिए गया था. नहाने के क्रम में पैर फिसल जाने से वह सीधे कुआं में जा गिरा. कुएं में गिरने से उसकी मौत हो गयी. घटना की जानकारी मिलते ही रायडीह थाना प्रभारी रविंद्र शर्मा दल बल के साथ घटना स्थल पहुंचे. शव को कुएं से निकालकर पंचनामा करते हुए पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर भेज दिया गया.
तीसरी घटना में कामडारा प्रखंड के नरसिंहपुर बड़काटोली के सनिका बरला (40 वर्ष) की कुएं में डूबने से मौत हो गयी. पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया है. मृतक की पत्नी फूलो बरला ने बताया कि मेरे पति अधिक शराब पीते थे. नशे में होने के कारण कुएं में गिर गये. जिससे उसकी मौत हो गयी.
चौथी घटना में रायडीह थाना क्षेत्र के खटखोर मोड़ पेट्रोल पंप के समीप शनिवार को दोपहर में हुए सड़क हादसे में बाईक सवार युवक की मौत. मृतक गुमला शहर के ढोढरी टोली निवासी संदीप लकड़ा है. वहीं उसके दो दोस्त घायल हो गये. जानकारी के अनुसार संदीप बाईक से अपने दोस्तों के साथ गुमला से रायडीह की ओर जा रहा था.
उसी दौरान खटखोर मोड़ के समीप विपरीत दिशा से आ रही ट्रक से सीधे टक्कर होने के कारण तीनों बाईक सवार गिर गये. जिससे सदीप को गंभीर चोट आयी. जबकि उसके अन्य दो दोस्तों को हल्की चोट आयी. स्थानीय लोगों के द्वारा 108-एंबुलेस को फोन कर बुलाया गया. जिसके बाद तीनों घायलों को गुमला अस्पताल भेज दिया गया. जहां इलाज के दौरान संदीप की मौत हो गयी. जबकि उसके दो दोस्त अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद भाग गये.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




