मैनाचक-मानगढ़ गांव में शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर अनुष्ठान जारी
Published by : SANJEET KUMAR Updated At : 08 Feb 2026 11:50 PM
शिवलिंग और शिव परिवार की प्रतिमाओं का नगर भ्रमण, पूरे गांव में भक्ति और उत्साह का माहौल
मेहरमा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत मैनाचक-मानगढ़ गांव में स्थित श्री श्री 1008 मुक्तेश्वर नाथ महादेव मंदिर में शिवलिंग सहित शिव परिवार के प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा के लिए धार्मिक अनुष्ठान चल रहे हैं. इस अनुष्ठान का संचालन पंडित आचार्य सुनील शास्त्री की अगुवाई में किया जा रहा है. भगवान शिव के प्राण प्रतिष्ठा के दूसरे दिन रविवार को शिवलिंग सहित माता पार्वती, भगवान गणेश, भगवान कार्तिक और नंदी महाराज की संगमरमर से बनी प्रतिमा का नगर भ्रमण कराया गया. मंत्रोच्चार के साथ प्रतिमाओं को रथ पर रखकर चपरी स्थित शिव मंदिर, खरखोदिया बजरंगबली मंदिर, ताजकित्ता शिव मंदिर तथा मानगढ़ के अन्य धार्मिक स्थलों से होते हुए वापस मुक्तेश्वर नाथ महादेव मंदिर लाया गया. श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते हुए भगवान शिव का जयकारा लगाते हुए इस रथ यात्रा में शामिल हुए. आचार्य के द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ जलाभिषेक भी किया गया. संध्या आरती में दर्जनों श्रद्धालु शामिल हुए. अनुष्ठान के क्रम में सोमवार को फलाधिवास और अन्नाधिवास, मंगलवार को अभिषेक शय्याधिवास, और बुधवार को प्राण प्रतिष्ठा व रुद्राभिषेक सहित हवन यज्ञ कर कार्यक्रम को पूर्णाहुति दी जाएगी. धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने में यजमान के रूप में मनोज साह और पत्नी किरण देवी शामिल हैं. कार्यक्रम के संचालन और व्यवस्थापन में समिति के अध्यक्ष संजय कुमार साह, सचिव केशव यादव, कोषाध्यक्ष पंकज यादव, हितेश कुमार, नकुल यादव, नीलकंठ, विभाष मिश्रा, श्रीतोस्त मंडल, पुनीलाल साह, दयानंद आर्य, राजकुमार साह, प्रभाष साह, दिलीप यादव, गौतम, अरविंद, सुभाष, कैलाश, जनार्दन, किशन देव, कमलेश्वरी, विपिन यादव और एडवोकेट संजीव कुमार ने अहम भूमिका निभायी. गांव में यह धार्मिक आयोजन श्रद्धालुओं के लिए भक्ति और उत्साह का केंद्र बन गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










