Giridih News :सड़क दुर्घटना में बाइक पर सवार महिला की मौत, दो घायल
Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 23 Mar 2026 11:15 PM
Giridih News : सरिया थाना क्षेत्र के बराकर पुल के समीप मुख्य सड़क पर सोमवार की दोपहर लगभग तीन बजे दो बाइकों मे आमने-सामने टक्कर हो गयी. इस घटना में बाइक सवार महिला की मौत हो गयी. वहीं, दोनों बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गये.
बताया जाता है कि बिरनी प्रखंड क्षेत्र के मनिहारी गांव निवासी महेंद्र विश्वकर्मा अपनी पत्नी कौशल्या देवी (42) के साथ अपने पैतृक गांव मनिहारी से बाइक संख्या जेएच 01इएन 3200 से सरिया स्थित अपना नया मकान आ रहा था. इसी बीच सरिया बाजार की ओर से राजधनवार की ओर जा रही बाइक संख्या बीआर 21 एएफ 6325 अनियंत्रित होकर सामने से आ रही बाइक से जा टकरायी. इससे दोनों बाइक में सवार तीनों लोग सड़क पर गिर गये. गिरने से महेंद्र की पत्नी कौशल्या देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, वहीं वह घायल हो गया. वहीं दूसरी बाइक पर सवार युवक की भी स्थिति गंभीर है. बताया जाता है कि यह घायल युवक राजेश चौधरी (19) पिता सुरेश चौधरी कोडरमा जिला के सतगावां प्रखंड का रहने वाला है. वह किसी कार्य से सरिया की ओर आया था.
सूचना पर पहुंची पुलिस
इधर, सूचना पर सरिया पुलिस पहुंची तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए बगोदर भेज दिया. वहीं, महेंद्र प्राथमिक इलाज सरिया के एक निजी क्लिनिक में कराया गया. वहीं गंभीर रूप से घायल राजेश ट्रामा सेंटर बगोदर भेजा गया है. सरिया पुलिस ने बताया राजेश के परिजनों को सूचना दे दी गयी है. घटना की सूचना मिलने पर मृतका कौशल्या के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तथा शव को देख कर रोने लगे.
सड़क हादसे में महिला घायल
बेंगाबाद-चतरो मुख्य मार्ग नैयाडीह के पास सड़क पार कर रही महिला को तेज रफ्तार स्काॅर्पियो ने जोरदार ठोकर मार दी. इसमें जुम्मी खातून नामक महिला घायल हो गयी. आसपास के ग्रामीणों ने घायल को इलाज के लिए बेंगाबाद के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया. लोगों ने वाहन का पीछा कर छोटकी खरगडीहा के पास कब्जे में कर कार बेंगाबाद पुलिस को सौंप दी गयी. इधर, घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया. जानकारी मिलने के बाद कार सवार लोगों के परिजन भी बेंगाबाद थाना पहुंच गये और सभी को अन्य वाहन से गंतव्य स्थान के लिए रवाना किया. पुलिस घायल की स्थिति पर नजर बनाये हुए है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










