Giridih News :तीन किमी सड़क पर हैं तीन दर्जन ब्रेकर, परेशानी
Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 29 Jan 2026 11:49 PM
Giridih News :फिटकोरिया मोड़ से महेशमुंडा को जोड़ने वाली आरसीडी पथ पर बने बड़े-बड़े स्पीड ब्रेकर दो पहिया, तीन पहिया और कार चालक परेशान हैं. सटे-सटे हुए स्पीड ब्रेकर से वाहन चालकों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ रहा है.
स्पीड ब्रेकर इतने ऊंचे हैं कि बाइक और कार के इंजन तक इसमें सट जाते हैं. किसी तरह वाहन चालक इस सड़क से वाहन ले जाते हैं. फिटकोरिया मोड़ से बहादुरपुर मोड़ तक की दूरी महज तीन किलोमीटर है, इसमें स्पीड ब्रेकरों की संख्या तीन दर्जन से अधिक है. सिर्फ फिटकोरिया मोड़ से आधा किलोमीटर की दूरी में 16 बड़े-बड़े स्पीड ब्रेकर बना दिये गये है. इतनी अधिक संख्या में स्पीड ब्रेकर होने से इस पथ में होकर गुजरने वाले वाहन चालकों को वाहन का इंजन बचाते हुए गुजरने की विवशता बनी हुई है.
15-20 मिनट लगता है समय
तीन किमी की दूरी तय करने में 15 से बीस मिनट का समय लग जा रहा है. बता दें कि यह पथ का निर्माण आरसीडी विभाग ने करवाया है. अतिमहत्वपूर्ण पथ से होकर राहगीर महेशमुंडा रेलवे स्टेशन, कृषि विज्ञान केंद्र सहित फिटकोरिया और मानजोरी पंचायत के कई गांवों जाते हैं. स्पीड ब्रेकरों की अधिकता के कारण समय की बर्बादी के साथ-साथ वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की आशंका बनी रहती है. इसे हटाने की दिशा में अब तक कोई विभागीय पहल नहीं हुई है. सड़क निर्माण के समय विभागीय अधिकारी जांच में आने का भले ही दावा करते हैं, लेकिन स्पीड ब्रेकरों की संख्या और उसके बनावट पर ध्यान नहीं देने से उसके निरीक्षण के दावे की भी पोल खोल रही है. राहगीरों ने समस्या को देखते हुए शीघ्र विभाग से स्पीड ब्रेकरों को हटाने की मांग की है.
एसडीओ से किया जायेगा पत्राचार : बीडीओ
इधर, बीडीओ सुनील कुमार मुर्मू का कहना है कि प्रशासन को भी स्पीड ब्रेकर से परेशानी हो रही है. मामला लाॅ एंड ऑर्डर से संबंधित है. एसडीओ से पत्राचार कर स्पीड ब्रेकर को तोड़ने का आदेश मांगा जायेगा. आदेश मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.
ग्रामीणों ने दिलवाया ब्रेकर : जेई
आरसीडी विभाग के कनीय अभियंता मो फैज का कहना है कि सड़क निर्माण के समय ही ग्रामीणों ने बड़े-बड़े ब्रेकर दिलाया है. कई बार समझाया गया, लेकिन ग्रामीणों से उलझना बहुत मुश्किल था. ऐसे में कार्य पूरा कराने के लिए ग्रामीणों की मांग संवेदक को माननी पड़ा. कहा संवेदक को ब्रेकर तोड़ने के लिए कहा जायेगा.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










