Giridih News : अवैध आरा मिलों में छापेमारी करने गयी वन विभाग की टीम व पुलिस पर पत्थरबाजी
Published by : MANOJ KUMAR Updated At : 20 May 2026 12:49 AM
Giridih News : गांडेय प्रखंड की पर्वतपुर पंचायत के लखनपुर गांव की घटना
Giridih News : प्रतिनिधि, गांडेय. पर्वतपुर पंचायत के लखनपुर गांव में अवैध ढंग से संचालित दो आरा मिलों में छापेमारी करने गयी वन विभाग की टीम और पुलिस पर ग्रामीणों ने पत्थरबाजी कर दी. घटना मंगलवार की है. डिवीजनल फॉरेस्ट ऑफिसर के निर्देश पर वन क्षेत्र पदाधिकारी एसके रवि व अनिल कुमार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम और अहिल्यापुर पुलिस कार्रवाई के लिए पहुंची थी. टीम व पुलिस को देख गांव में अफरातफरी मच गयी. विरोध में स्थानीय ग्रामीण एकजुट हो गये और टीम पर पत्थरबाजी करने लगे. हालांकि वन विभाग के अधिकारी, कर्मी और अहिल्यापुर पुलिस ने मोर्चा संभाले रखा. अंतत: ग्रामीणों को पीछे हटना पड़ा. इस दौरान टीम ने जेसीबी से अवैध आरा मिलों को ध्वस्त कर दिया. मौके से आरा मशीन, कीमती लकड़ियां व चिरान पटरा जब्त किया गया. जब्त सामग्री ट्रैक्टर पर लाद कर गांडेय स्थित वन विभाग कार्यालय लाया गया. वन क्षेत्र पदाधिकारी श्री रवि ने बताया कि डीएफओ को गुप्त सूचना मिली थी कि लखनपुर में दो स्थानों पर अवैध तरीके से आरा मिल का संचालन किया जा रहा है. उनके निर्देश पर टीम द्वारा दोनों स्थानों पर छापेमारी की.
अवैध आरा मिल संचालकों पर दर्ज होगी प्राथमिकी :
वन अधिकारी ने बताया कि अवैध आरा मिल संचालकों के विरुद्ध अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है. कहा कि किसी भी सूरत में अवैध धंधे को पनपने नहीं दिया जायेगा. छापेमारी में अहिल्यापुर थाना प्रभारी ऐनुल हक खान, एसआइ साजिद खान, बैजनाथ मुंडा, प्रभारी वनपाल रोहित कुमार पंडित, वनरक्षी रंजन शर्मा, दाऊद आलम, शमशेर अंसारी, विष्णु किस्कू, रामदेव मरांडी, बम शंकर वर्मा, छोटू दास, मुकेश दास, चंदन दास, बबिता कुमारी, सुरुचि कुमारी, विनोद कुमार, रमेश टुडू, एंथोनी हेंब्रम, संदीप मिश्रा आदि मौजूद थे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










