ePaper

Giridih News :आंगनबाड़ी केंद्रों से तीन माह से नहीं मिल रहा पोषाहार

Updated at : 29 Jan 2026 11:45 PM (IST)
विज्ञापन
Giridih News :आंगनबाड़ी केंद्रों से तीन माह से नहीं मिल रहा पोषाहार

Giridih News :0 से 6 वर्ष के बच्चों को स्कूल पूर्व शिक्षा, पोषण के लिए पोषाहार व किशोरी, धात्री तथा गर्भवती महिलाओं के बीच टेक होम राशन (टीएचआर) की व्यवस्था सरकार ने की है. इसका वितरण बाल विकास परियोजना के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों से किया जाता है. उद्देश्य कुपोषण से मुक्ति समेत स्वस्थ रखना है. लेकिन विभागीय शिथिलता व व्यवस्था की कमी के कारण जिले के लाभुकों को पिछले तीन माह से पोषाहार नहीं मिल रहा है.

विज्ञापन

जिले में 2431 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं. लेकिन समय पर पोषाहार नहीं मिलने, खाद्यान्न के बिल का समय पर भुगतान नहीं होने समेत समय पर मानदेय के अभाव में आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति बदहाल होती जा रही है. वर्तमान में जहां तीन महीने से पोषाहार नहीं मिला है, वहीं सेविका-सहायिका द्वारा दाल, तेल, मसाला, अंडा आदि की राशि का भी भुगतान अधर में लटका है. सेविका, सहायिका व पोषण सखियों का मानदेय भी कई महीने से लंबित है.

प्रखंड स्तरीय आंगनबाड़ी केंद्र की संख्या

बगोदर में 156, बेंगाबाद में 160, बिरनी में 191, देवरी में 182, धनवार में 264, डुमरी में 228, गांडेय में 187, गावां में 134, गिरिडीह शहरी में 118 तथा ग्रामीण में 219 यानि कुल 2431 आंगनबाड़ी केंद्र हैं.

क्या कहतीं हैं सेविका, सहायिका व पोषण सखी

आंगनबाड़ी केंद्र बुधूडीह टू की सेविका सीमा कुमारी, सहायिका ललिता देवी व पोषण सखी अनीता मुर्मू ने बताया कि 0 से 3 वर्ष के बच्चों, गर्भवती, धात्री व किशोरियों को टीएचआर (पैकेट) सितंबर तक मिला है, जबकि पिछले चार माह से सूखा पोषाहार (पैकेट) नहीं मिला है. बताया कि 03 से 06 तक के लिए चावल मिलता है, लेकिन दाल, तेल, सब्जी, अंडा का भुगतान बिल वाउचर जमा करने के बाद ही दिया जाता है. इसका भी भुगतान अक्तूबर से भुगतान नहीं हुआ है. बताया कि अब तो दुकानदार भी सामग्री देने से आनाकानी करने लगे हैं. वहीं सेविका, सहायिका व पोषण सखी को तीन-चार माह से मानदेय नहीं मिला है.

टेंडर हो चुका है ,जल्द होगा पोषाहार का वितरण : प्रभारी जिला कल्याण पदाधिकारी

प्रभारी जिला समाज कल्याण पदाधिकारी बीके सिंह ने बताया कि पोषाहार के लिए टेंडर की प्रकिया पूर्ण हो चुकी है. पोषाहार का आवंटन भी हो चुका है. जल्द ही आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषाहार का वितरण किया जायेगा. बताया कि सेविका, सहायिका व पोषण सखी के मानदेय का भुगतान लगातार किया जाता रहा है. यदि कुछ लंबित है, तो आवंटन मिलते ही हो जायेगा.

बगोदर में पांच माह से नहीं हो रही आपूर्ति

बगोदर प्रखंड के आंगनबाड़ी केंद्रों में मिलने वाला सूखे पोषाहार का आपूर्ति पिछले पांच माह से नहीं हो रही है. इससे केंद्र के बच्चों और गर्भवती महिलाओं को कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है. प्रखंड में 22 पंचायत के अंतर्गत 156 आंगनबाड़ी केंद्र हैं. इन केंद्रों में सितंबर 2025 से पोषाहार का वितरण करना पड़ रहा है. सेविकाएं प्रखंड स्तर पर मिलने वाले चावल से ही काम चला रही हैं. वहीं, दाल, सब्जी व अन्य सामग्री खरीदने के बाद वाउचर देने पर भुगतान किया जा रहा है. इससे सेविकाएं परेशान हैं. जैसे-तैसे केंद्र का संचालन हो रहा है.

विज्ञापन
PRADEEP KUMAR

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

PRADEEP KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola