एनसीसी फॉर्म के नाम पर 200 रुपये लेने का आरोप, एनएसयूआइ ने गिरिडीह कॉलेज में किया विरोध प्रदर्शन

Updated:
विज्ञापन

एनएसयूआई के साथ वार्ता करते कॉलेज के प्राचार्य

गिरिडीह कॉलेज में एनसीसी फॉर्म के नाम पर 200 रुपये लेने का आरोप, एनएसयूआइ ने किया विरोध प्रदर्शन। प्राचार्य ने जांच का दिया आश्वासन।

विज्ञापन

गिरिडीह कॉलेज में एनसीसी फॉर्म के नाम पर छात्र-छात्राओं से 200 रुपये लिये जाने का मामला सामने आया है. राशि लिये जाने के आरोप को लेकर बुधवार को एनएसयूआइ के जिला अध्यक्ष विनीत भास्कर के नेतृत्व में छात्रों ने एनसीसी प्रभारी प्रो. विनिता कुमारी का घेराव कर विरोध जताया.

संगठन ने मामले में पारदर्शिता बरतने और छात्रों से ली गयी राशि की वैधता स्पष्ट करने की मांग की. एनएसयूआइ का आरोप है कि एनसीसी में नामांकन व फॉर्म के नाम पर कॉलेज के छात्र-छात्राओं से प्रति छात्र 200 रुपये लिये जा रहे हैं.

संगठन ने सवाल उठाया कि अगर इसके लिए कोई शुल्क निर्धारित है, तो कॉलेज प्रशासन द्वारा इसकी आधिकारिक सूचना जारी की जानी चाहिए. साथ ही राशि लेने की स्थिति में छात्रों को विधिवत रसीद भी उपलब्ध करायी जानी चाहिए. एनएसयूआइ के जिला अध्यक्ष विनीत भास्कर ने कहा कि कॉलेज के प्राचार्य को आवेदन सौंप कर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है.

वसूली करने का आरोप गलत : विनीता

गिरिडीह कॉलेज की एनसीसी सीटीओ प्रो. विनीता कुमारी ने कहा कि एनसीसी द्वारा किसी प्रकार की अवैध वसूली नहीं की जाती है. उन्होंने कहा कि जब कोई प्रोग्राम, इवेंट या फेयरवेल आयोजित होता है, तो उसके आयोजन के लिए एनसीसी कैडेट्स आपस में राशि का कलेक्शन करते हैं.

इसी उद्देश्य से छात्रों से राशि ली जाती है. उन्होंने कहा कि एनसीसी फॉर्म के नाम पर राशि की वसूली किये जाने का जो आरोप लगाया जा रहा है, वह पूरी तरह गलत है.

मामले की होगी जांच : प्राचार्य

गिरिडीह कॉलेज के प्राचार्य एमएन सिंह ने कहा कि कॉलेज में एनसीसी की सीटीओ प्रो. विनीता कुमारी हैं. उन्होंने बताया कि छात्र-छात्राओं से 200 रुपये लेने की बात सामने आयी है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह राशि एनसीसी के पुराने छात्रों द्वारा ली गयी थी.

मामले की जानकारी मिलने के बाद हाल के दिनों में जिन छात्र-छात्राओं से राशि ली गयी थी, उन्हें बुलाकर पैसे वापस करा दिये गये हैं. प्राचार्य ने कहा कि कॉलेज प्रशासन पूरे मामले की जांच करेगा. जांच में जो भी लोग दोषी पाये जायेंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी.


विज्ञापन
Manoj Kumar

लेखक के बारे में

By Manoj Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola