धनबाद-कोयंबटूर के बीच चलेगी नई अमृत भारत एक्सप्रेस, रेलवे बोर्ड ने दी मंजूरी
यह फोटो एआई से बनाई गई है
रेलवे बोर्ड ने धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस को मंजूरी दी। जानिए ट्रेन का रूट, समय और ठहराव की पूरी जानकारी।
धनबाद से कोयंबटूर के बीच यात्रियों को जल्द ही नई अमृत भारत एक्सप्रेस की सौगात मिलने वाली है. रेलवे बोर्ड ने धनबाद-कोयंबटूर के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने के पूर्व मध्य रेलवे के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. इस संबंध में रेलवे बोर्ड के निदेशक (कोचिंग) संजय आर नीलम की ओर से पत्र जारी किया गया है.
रेलवे बोर्ड के पत्र के अनुसार 22363 धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक शनिवार धनबाद से शाम 4:10 बजे रवाना होगी और सोमवार शाम 6:30 बजे कोयंबटूर पहुंचेगी. वहीं 22364 कोयंबटूर-धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक गुरुवार दोपहर 1 बजे खुलेगी.
हजारीबाग रोड व पारसनाथ क्षेत्र के यात्रियों को होगा लाभ
धनबाद और दक्षिण भारत के बीच इस नई ट्रेन के परिचालन से गिरिडीह जिले के पारसनाथ, हजारीबाग रोड समेत आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है. खासकरकोयंबटूर, सलेम, इरोड, तिरुपुर और आंध्र प्रदेश-कर्नाटक क्षेत्र की ओर आने-जानेवाले यात्रियों को सीधी रेल सेवा का लाभ मिलेगा.
इस ट्रेन का ठहराव एनएससी बोस गोमो, पारसनाथ, हजारीबाग रोड, कोडरमा, गया, अनुग्रह नारायण रोड, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, मिर्जापुर, प्रयागराज छिवकी, सतना, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, पिपरिया, इटारसी, बैतूल, नागपुर, चंद्रपुर, बल्लारशाह, सिरपुर, कागजनगर, मंचेरियल, पेद्दापल्ली, वारंगल, महबूबाबाद, खम्मम, विजयवाड़ा, ओंगोल, नेल्लोर, गुडूर, रेणिगुंटा, तिरुत्तानी, काटपाड़ी, जोलारपेट्टई, सलेम, इरोड और तिरुपुर सहित विभिन्न स्टेशनों पर होगा.
रेलवे बोर्ड ने ट्रेन का प्राथमिक रखरखाव धनबाद और द्वितीयक रखरखाव कोयंबटूर में करने का निर्देश दिया है. पत्र में कहा गया है कि ट्रेन का परिचालन सुविधानुसार जल्द शुरू किया जा सकता है. आवश्यकता होने पर उद्घाटन ट्रेन को विशेष सेवा के रूप में चलाने की भी योजना बनाई जा सकती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










