दो सप्ताह से ठप है पेयजल आपूर्ति, पांच पंचायतों के लोग पानी संकट से जूझ रहे नया मोटर लगाने की उठी मांग
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग कार्यालय परिसर स्थित जलमीनार | Prabhat Khabar Network
पिछले दो हफ्तों से गावां और आसपास के पांच पंचायतों में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप है. मोटर खराब होने के कारण हजारों लोग पानी की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं. महिलाओं और बुजुर्गों को दूर से पानी लाना पड़ रहा है.
गावां समेत आसपास के क्षेत्रों में पिछले दो सप्ताह से पेयजल आपूर्ति ठप रहने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. गावां पेयजल एवं स्वच्छता विभाग कार्यालय परिसर स्थित जलमीनार से गावां, अमतरो, पटना, माल्डा और नगवां पंचायत के विभिन्न गांवों में जलापूर्ति की जाती है, लेकिन मोटर खराब होने के कारण पिछले 15 दिनों से पानी की आपूर्ति बंद है.
जल संकट से प्रभावित हैं हजारों लोग
जलापूर्ति बाधित होने से लोगों को दैनिक उपयोग के लिए पानी की व्यवस्था करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों को पेयजल के लिए वैकल्पिक स्रोतों पर निर्भर होना पड़ रहा है. सबसे अधिक परेशानी महिलाओं और बुजुर्गों को हो रही है, जिन्हें दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है.
समस्या को लेकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
पिछले सप्ताह वार्ड सदस्य रेशमा खातून के नेतृत्व में ग्रामीणों ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया था. प्रदर्शनकारियों ने जल्द जलापूर्ति बहाल करने की मांग करते हुए विभागीय अधिकारियों के प्रति नाराजगी जतायी थी.
मोटर जलने से बंद हुई जलापूर्ति
गावां पंचायत के मुखिया कन्हाई राम ने बताया कि जलमीनार में लगा मोटर जल जाने के कारण जलापूर्ति बाधित हुई है. उन्होंने कहा कि प्रखंड स्वच्छता समिति की ओर से नया मोटर लगाने की मांग की गयी है, लेकिन अब तक इसे स्थापित नहीं किया गया है.
जल्द समाधान की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र नया मोटर नहीं लगाया गया तो पानी की समस्या और गंभीर हो सकती है. लोगों ने संबंधित विभाग से अविलंब कार्रवाई कर पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










