पत्थर खदान में डूबी महिला का शव तीसरे दिन भी नहीं मिला, एनडीआरएफ बुलाने की मांग को लेकर सड़क जाम
ग्रामीणों से वार्ता करते सीओ| Prabhat Khabar Network
गावां प्रखंड के जमडार पंचायत में बंद पत्थर खदान में डूबी 52 वर्षीय महिला का शव तीसरे दिन भी बरामद नहीं हुआ है. शव नहीं मिलने से आक्रोशित ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए पटना चौक जाम कर दिया. ग्रामीणों की मांग है कि एनडीआरएफ की टीम बुलाकर शव की तलाश की जाए.
गावां प्रखंड के जमडार पंचायत स्थित तारापुर के पास बंद पड़े पत्थर खदान में डूबी महिला का शव तीसरे दिन भी बरामद नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने बुधवार को पटना चौक जाम कर दिया. सड़क जाम के कारण चौक पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी और आवागमन प्रभावित हो गया.
जानकारी के अनुसार लौरिया गांव निवासी सावनी हांसदा (52) सोमवार को बंद पड़े पत्थर खदान में डूब गयी थीं. बताया जाता है कि खदान में करीब 80 फीट से अधिक गहराई तक पानी भरा हुआ है. घटना के बाद से महिला की तलाश की जा रही है, लेकिन तीसरे दिन भी शव बरामद नहीं हो सका.
प्रशासनिक पहल नहीं होने से बढ़ा आक्रोश
ग्रामीणों का आरोप था कि घटना के बाद प्रशासन की ओर से शव निकालने के लिए कोई प्रभावी पहल नहीं की गयी. इससे नाराज होकर ग्रामीणों ने पटना चौक को जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने शव की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम बुलाने की मांग की.
मौके पर पहुंचे सीओ और थाना प्रभारी
सड़क जाम की सूचना मिलते ही सीओ अभिषेक कुमार और थाना प्रभारी जयप्रकाश कुमार पुलिस बल के साथ पटना चौक पहुंचे. अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया.
एनडीआरएफ पहुंचने के आश्वासन पर हटा जाम
वार्ता के दौरान सीओ ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि बुधवार को अपराह्न तीन बजे तक एनडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंच जायेगी और शव की तलाश शुरू करेगी. प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया और आवागमन सामान्य हो सका.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










