देवरी में हथियार के बल पर स्वर्ण व्यवसायी से 3.60 लाख की लूट
घटना की जानकारी लेते पुलिस पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network
देवरी थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसायी को निशाना बनाया. हथियार के बल पर उनसे करीब 3.60 लाख रुपये के जेवरात और नकदी लूट ली गई. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
देवरी थाना क्षेत्र के पुरनाबथान (चतरो) में रविवार की देर शाम बाइक सवार अपराधियों ने हथियार के बल पर स्वर्ण व्यवसायी श्यामसुंदर स्वर्णकार से करीब 3.60 लाख रुपये के जेवरात व नकदी लूट लिये. घटना रात करीब 7:45 बजे की बतायी जा रही है. वारदात के दौरान अपराधियों ने फायरिंग भी की. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
घर लौटने के दौरान अपराधियों ने रोका
जानकारी के अनुसार, जमडीहा गांव निवासी श्यामसुंदर स्वर्णकार चतरो स्थित अपनी स्वर्ण शांति ज्वेलर्स दुकान बंद कर स्कूटी से पुरनाबथान स्थित घर लौट रहे थे. चतरो बजरंग मोड़ के समीप पुरनाबथान की ओर मुड़ने के दौरान बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें हथियार दिखाकर रोक लिया. इस दौरान व्यवसायी और अपराधियों के बीच छीना-झपटी भी हुई.
फायरिंग के बाद डिक्की से बैग लेकर भागे
छीना-झपटी के दौरान एक अपराधी ने फायरिंग कर दी. इसके बाद व्यवसायी पीछे हट गये. अपराधियों ने स्कूटी की डिक्की में रखा बैग निकाल लिया और मौके से फरार हो गये. व्यवसायी के अनुसार बैग में सोने-चांदी के जेवरात, नकद राशि, मोबाइल फोन और दुकान की चाबी थी. उन्होंने लूटी गयी संपत्ति की कीमत करीब 3.60 लाख रुपये बतायी है.
घटनास्थल से अपाची बाइक बरामद
भागने के दौरान अपराधियों की एक अपाची बाइक घटनास्थल पर ही छूट गयी. सूचना मिलने पर गावां अंचल के इंस्पेक्टर रोहित कुमार और देवरी थाना प्रभारी श्वेता कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और घटना की जांच शुरू की.

गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
थाना प्रभारी श्वेता कुमारी ने बताया कि घटना की सूचना मिली है. घटनास्थल से एक अपाची बाइक जब्त की गयी है. अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










