Giridih News :पुलिस पर पथराव प्रकरण में पुलिस सख्त, गांव में छापेमारी
Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 13 Jun 2026 10:43 PM
Giridih News :साइबर क्राइम के एक मामले में वारंटी की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम पर पथराव प्रकरण को ले पुलिस सख्त हो गयी है. इस मामले में प्राथमिकी के बाद पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
शुक्रवार की रात भी पुलिस ने गांव में छापेमारी अभियान चलाया. हालांकि, छापेमारी के दौरान सभी आरोपित फरार मिले. मालूम रहे कि पिछले बुधवार की देर रात गुप्त सूचना पर साइबर थाना गिरिडीह की टीम साइबर क्राइम के एक मामले में चामलिटी निवासी वारंटी चुरामन मंडल की गिरफ्तारी को ले उसके सुसराल चिकसोरिया गयी थी. चुरामन को गिरफ्तार कर जब उसे वाहन में बैठाया जाने लगा, तो ग्रामीणों ने विरोध करते हुए पथराव कर दिया. इस पथराव में कई पुलिस कर्मी घायल हो गये, वहीं पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया. इस बीच गिरफ्तार आरोपित भी ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस चंगुल से भाग निकला. इस मामले में पुलिस ने लगातार छापेमारी कर रही है.
पुलिस पर बेवजह दरवाजा तोड़ने की चर्चा
शुक्रवार की रात छापेमारी के क्रम में चिकसोरिया में पुलिस द्वारा बेवजह एक घर का दरवाजा तोड़ने एवं सामानों को बिखेरने का मामला चर्चा में है. चर्चा है कि पुलिस ने जिस घर का दरवाजा तोड़ा है, उस घर में सिर्फ एक महिला व छोटी बच्ची है, जबकि उसका पति दूसरे प्रदेश में काम करता है. हालांकि, इस संबंध में पीड़ित परिवार ने कहीं शिकायत नहीं की है.
दरवाजा तोड़ने की बात बेबुनियाद : थाना प्रभारी
अहिल्यापुर थाना प्रभारी एनुल हक खान ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी रहेगी. कहा कि किसी के घर का दरवाजा नहीं तोड़ा गया है. हालांकि. छापेमारी के क्रम में पड़ोसियों के समक्ष ही कुछ घरों को खुलवाया गया था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










