ePaper

गिरिडीह : टोटो में नहीं बैठी तो ड्राइवर ने छात्रा को मारा धक्का

Updated at : 10 Jan 2024 6:20 AM (IST)
विज्ञापन
गिरिडीह : टोटो में नहीं बैठी तो ड्राइवर ने छात्रा को मारा धक्का

जब घटना की जानकारी प्रभारी प्राचार्य व अन्य शिक्षकों को हुई तो शिक्षकों ने मिल कर तमन्ना को गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के बाद उसे उसके परिजनों को सौंप दिया गया.

विज्ञापन

गिरिडीह : गिरिडीह के सर जेसी बोस सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस प्लस टू स्कूल की एक छात्रा जब टोटो में जाने से इंकार की तो टोटो चालक ने जानबूझ कर उसे धक्का मार दिया और उसे गिरे हुए हालत में छोड़ कर भाग निकला. मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को लगभग तीन बजे दोपहर में स्कूल से छुट्टी होने के बाद बारहवीं की छात्रा तमन्ना परवीन अपने घर तेलोडीह वापस जा रही थी. स्कूल गेट के सामने ही एक चालक ने उसे अपने टोटो में बैठने को कहा. दूसरे रूट का टोटो रहने के कारण वह नहीं बैठी. जब तमन्ना ने टोटो में बैठने से इंकार कर दिया और स्कूल गेट से कुछ आगे बढ़ी तो चालक ने जानबूझ कर पीछे से उसे धक्का मार दिया.

तमन्ना वहीं पर गिर पड़ी. जब टोटो पर सवार अन्य छात्राओं ने टोटो चालक को गाड़ी रोक कर घायल छात्रा को अस्पताल पहुंचाने के लिए रुकने के लिए कहा तो चालक रुकने का बहाना बना कर सवार दो छात्राओं को भी वहीं उतार दिया और टोटो लेकर भाग निकला. जब घटना की जानकारी प्रभारी प्राचार्य व अन्य शिक्षकों को हुई तो शिक्षकों ने मिल कर तमन्ना को गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के बाद उसे उसके परिजनों को सौंप दिया गया.

Also Read: गिरिडीह के बगोदर में नायक बस के मालिक को अपराधियों ने मारी गोली, स्थिति गंभीर
पुलिस टोटो चालक को गिरफ्तार करे : प्राचार्य

सर जेसी बोस सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के प्रभारी प्राचार्य मुन्ना प्रसाद कुशवाहा ने बताया कि टोटो चालक ने जानबूझ कर छात्रा को धक्का मारा है और बिना इलाज कराए भाग निकला. उन्होंने कहा कि घटना की पूरी जानकारी गिरिडीह नगर पुलिस को दे दी गयी है. श्री कुशवाहा ने उक्त टोटो चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि कुछ टोटो चालक बदमाशी करते हैं. एक-एक टोटो में दो-दो चालक एक साथ बैठ कर आये दिन छेड़छाड़ की घटना को भी अंजाम देते हैं. पुलिस को इस पर कार्रवाई करने की जरूरत है. कहा कि स्कूल गेट के पास बनी पुलिस चौकी काफी दिनों से निष्क्रिय है. उन्होंने इस चौकी पर पुलिस की तैनाती की मांग की.

मामले की जांच की जा रही है : थाना प्रभारी

इधर गिरिडीह नगर थाना के प्रभारी आरएन चौधरी ने बताया कि मामले की जानकारी उन्हें भी मिली है. इस मामले में अब-तक किसी ने आवेदन नहीं दिया है, लेकिन फिर भी पूरे मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है. यदि मामले में टोटो चालक दोषी पाया गया तो निश्चित रूप से प्राथमिकी दर्ज कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी. इधर तमन्ना के पिता मो. समीर ने कहा कि उनकी बेटी के साथ घटना घटी है, जान-बूझ कर टोटो चालक ने उसकी बेटी को धक्का मारा, जिससे वह घायल हो गयी. परेशानी की वजह से वे लोग प्राथमिकी दर्ज नहीं करा रहे हैं.

गैर कानूनी तरीके से टोटो चला रहे लोगों पर हो कार्रवाई : राजेश सिन्हा

माले नेता सह मोटर कामगार यूनियन के नेता राजेश सिन्हा ने कहा कि काफी संख्या में शहर में बिना लाइसेंस के ही नाबालिग बच्चे टोटो चला रहे हैं. गैर कानूनी तरीके से टोटो चला रहे लोगों पर पुलिस और परिवहन विभाग कार्रवाई करे, तभी टोटो चालकों की मनमानी रुकेगी. उन्होंने कहा कि जो टोटो मालिक या अभिभावक नाबालिग बच्चों को टोटो उपलब्ध करा रहे हैं, उन पर भी कार्रवाई होनी चाहिए.

टोटो चालक ने एक महिला के साथ की मारपीट

एक अन्य मामले में एक टोटो चालक द्वारा आंबेडकर चौक के पास एक महिला के साथ मारपीट करने का मामला भी प्रकाश में आया है. बताया जाता है कि महिला आंबेडकर चौक के पास ही ठेला लगाकर चाय बेचती है. महिला का कहना है कि वह अन्य दिनों की तरह नटराज होटल के बगल में ठेला लगाकर चाय बेच रही थी. इसी बीच वहां एक टोटो वाला पहुंचा और अपनी टोटो खड़ा कर दिया. काफी देर खड़ा रहने के बाद जब महिला ने टोटो चालक से बात की तो वह गाली-गलौज पर उतारू हो गया. जब महिला ने विरोध किया तो उसके साथ टोटो चालक ने मारपीट की.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola