Giridih News :पचंबा में 10 किलो गांजा के साथ चार तस्कर गिरफ्तार

Giridih News :नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पचंबा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई कर चार गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से 10 किलो गांजा बरामद किया गया है.
गिरफ्तार तस्करों में पचंबा थाना क्षेत्र के कृष्णानगर निवासी 45 वर्षीय शिवशंकर साव, 39 वर्षीय हरिशंकर राम, जमुआ थाना क्षेत्र के पेटहंडी निवासी 48 वर्षीय महेंद्र यादव तथा जमुआ थाना क्षेत्र के चितरडीह निवासी 27 वर्षीय कमलेश कुमार सिंह शामिल हैं. शुक्रवार को एसपी डॉ विमल कुमार ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि गुरुवार को पचंबा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि दो तस्कर गांजा की खरीद-बिक्री के लिए पचंबा क्षेत्र में पहुंचने वाले हैं. सूचना की सत्यता की पुष्टि के बाद डीएसपी टू कौसर अली के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. इस टीम में पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी शामिल थे. टीम ने माथाडीह के पास संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त दो लोगों को देखा. पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए खदेड़कर उन्हें पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से पांच किलो गांजा बरामद किया गया. पूछताछ के क्रम में उनकी निशानदेही पर जमुआ में छापामारी कर अन्य दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से शेष पांच किलो गांजा बरामद किया गया.
ओडिशा से गांजा लाकर गिरिडीह में खपाते थे तस्कर, बस में पैसेंजर बन बैठे पुलिसकर्मी ने सलाखों के अंदर पहुंचवाया
पचंबा थाना क्षेत्र के कृष्णानगर निवासी शिवशंकर साव, हरिशंकर राम, जमुआ थाना क्षेत्र के पेटहंडी निवासी महेंद्र यादव और चितरडीह निवासी कमलेश कुमार सिंह ओडिशा से गांजा लाकर गिरिडीह और आसपास के इलाकों में खपाते थे. पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार ने गुरुवार को बताया कि पचंबा थाना क्षेत्र के माथाडीह के पास पकड़े गये दो तस्कर अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह से जुड़े थे. दोनों ओडिशा से गांजा की तस्करी कर उसे गिरिडीह लाते और जमुआ क्षेत्र के दो अन्य तस्करों को सप्लाई करते थे. पुलिस पूछताछ में यह खुलासा हुआ है कि ओडिशा से लाये गये गांजा को जमुआ निवासी दोनों आरोपी अपने-अपने स्तर से गिरिडीह और आसपास के इलाकों में खपाते थे. इस तरह तस्करी का यह पूरा नेटवर्क सुनियोजित तरीके से लंबे समय से संचालित किया जा रहा था. सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार तस्करों ने पूछताछ के दौरान स्वीकार किया है कि वे बीते कुछ दिनों से गिरिडीह जिले में इसकी बिक्री कर रहे थे. पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोग भी जिले और राज्य के बाहर सक्रिय हो सकते हैं. फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है.
तस्करों पर दो दिनों से थी पुलिस की नजर
पुलिस ने बताया कि पचंबा थाना पुलिस को दो दिन पूर्व ही गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ स्थानीय लोग ओडिशा से गांजा लाकर गिरिडीह में खपाने का अवैध कारोबार कर रहे हैं. सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना थाना प्रभारी राजीव कुमार ने संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों की पहचान शुरू की. पुलिस ने तस्करी में संलिप्त दो प्रमुख संदिग्धों के मोबाइल नंबर जुटाये और उसे सर्विलांस पर लगा दिया. जब पहली बार इन नंबरों की लोकेशन ट्रैक की गयी, तो वह ओडिशा में मिली. इससे पुलिस को यह स्पष्ट संकेत मिल गया कि गांजे की खेप राज्य के बाहर से लायी जा रही है. इसके बाद पचंबा पुलिस ने लगातार दोनों मोबाइल नंबरों की गतिविधियों पर नजर बनाये रखी. जैसे-जैसे लोकेशन ओडिशा से झारखंड की ओर बढ़ती गयी, पुलिस को तस्करों के गिरिडीह पहुंचने की पुष्टि होती चली गयी. इसी आधार पर पुलिस ने रणनीति तैयार कर टीम का गठन किया और संदिग्धों के संभावित मूवमेंट पॉइंट पर घेराबंदी शुरू की.
रांची से आ रही बस में बैठे थे तस्कर
पचंबा पुलिस ने गांजा तस्करों को पकड़ने के लिए ऐसी रणनीति अपनायी, जो किसी फिल्मी सीन से कम नहीं थी. तस्करों का मोबाइल लोकेशन जैसे ही रांची दिखाने लगा, पचंबा पुलिस अलर्ट मोड में आ गयी. पुलिस सूत्रों के अनुसार, लोकेशन ट्रैकिंग से यह स्पष्ट हो गया था कि तस्कर बस से रांची से गिरिडीह की ओर बढ़ रहे हैं. पुलिस ने मधुबन में एक पुलिसकर्मी को तैनात कर दिया, ताकि तस्करों की गतिविधियों पर नजदीक से नजर रखी जा सके. जैसे ही रांची से आ रही बस मधुबन में रुकी, तैनात पुलिसकर्मी खुद एक सामान्य यात्री के रूप में बस में सवार हो गया. उसने बस के अंदर बैठे दोनों संदिग्ध तस्करों की पहचान की और बिना किसी को शक हुए उनकी पूरी जानकारी तत्काल पचंबा पुलिस को दे दी. पुलिस टीम पूरी तरह सतर्क हो गयी. जिस स्थान पर तस्करों के बस से उतरने की संभावना थी, वहां पहले से ही घेराबंदी कर ली गयी थी. जैसे ही दोनों तस्कर बस से उतरकर कुछ ही दूर आगे तक बढ़े, पचंबा पुलिस ने चारों ओर से घेरते हुए उन्हें मौके पर ही दबोच लिया.
छापेमारी दल में ये अधिकारी शामिल थे
डीएसपी टू कौसर अली, थाना प्रभारी राजीव कुमार, एसआइ प्रभात कुमार, एसआइ सोनू कुमार वर्मा, हवलदार रामदेव यादव, आरक्षी रवींद्र प्रसाद, चौकीदार मुस्तफा अंसारी और दिग्वार रमेश मुर्मू आदि शामिल थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




