झारखंड से बिहार ले जायी जा रही 26 पेटी विदेशी शराब कार से जब्त, बैरियर तोड़ भागे तस्कर

Published by :Guru Swarup Mishra
Published at :05 Jun 2024 10:21 PM (IST)
विज्ञापन
झारखंड पुलिस

फाइल फोटो

झारखंड से बिहार में विदेशी शराब की तस्करी की जा रही थी. गुप्त सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की और 26 पेटी विदेशी शराब कार से जब्त की गयी. इस दौरान बैरियर तोड़कर शराब तस्कर भाग निकले.

विज्ञापन

गिरिडीह/खोरीमहुआ: गिरिडीह जिले के पांच थानों की पुलिस ने एक ब्लू रंग की कार (बीआर 01 बीएफ 2358) से 26 पेटी अवैध विदेशी शराब जब्त की है. हालांकि अंधेरे का लाभ उठा कर शराब तस्कर भागने में सफल रहे. गुप्त सूचना पर पुलिस ने टीम का गठन कर कार्रवाई की. इस दौरान शराब तस्कर बैरियर तोड़कर भाग निकले. हालांकि कार से 26 पेटी विदेशी शराब जब्त करने में पुलिस कामयाब रही.

कैसे हुई कार्रवाई

गिरिडीह के एसपी दीपक कुमार शर्मा को मंगलवार की रात को गुप्त सूचना मिली थी कि जमुआ के रास्ते एक ब्लू रंग की टोयाटा कार में भारी संख्या में अवैध विदेशी शराब बिहार भेजी जा रही है. सूचना मिलते ही एसपी ने तत्काल खोरीमहुआ के एसडीपीओ नीरज कुमार सिंह को नाकेबंदी कर छापेमारी का निर्देश दिया. जब तक पुलिस जमुआ में चेकिंग लगायी, तब तक शराब लदी गाड़ी जमुआ से निकल चुकी थी.

पुलिस ने ऐसे की घेराबंदी

एसडीपीओ नीरज कुमार चौधरी, इंस्पेक्टर प्रमोद सिंह के साथ छापेमारी के लिये निकले. गिरिडीह पुलिस ने तुरंत चकाई थाना को अलर्ट किया. चकाई पुलिस ने नाकेबंदी की, तो शराब लदे वाहन का चालक गाड़ी लेकर देवरी की तरफ लौटने लगा. पुलिस ने सरोन मोड़ पर बैरियर लगा दिया, लेकिन कार इतनी स्पीड में थी कि पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो कार चालक बैरियर तोड़कर आगे निकल गया. फिर जमुआ, हीरोडीह व राजधनवार थाने की पुलिस की टीम को अलर्ट किया गया. सभी थानों की पुलिस ने गाड़ी का पीछा किया, तो चालक अपने को फंसता देख राजधनवार थाना क्षेत्र के विशुनपुर के पास गाड़ी छोड़ कर भाग गया. पुलिस ने वाहन से 26 पेटी विदेशी शराब जब्त की है.

कार पर लगाया गया नंबर फर्जी

बताया जाता है कि गिरिडीह के कुछ शराब तस्करों द्वारा अलग-अलग तरीके से पुलिस को चकमा देकर शराब की खेप को बिहार भेजी जा रही है. इसका खुलासा मंगलवार की रात राजधनवार के विशुनपुर से अवैध शराब लदी टोयाटा कार की जब्ती से हुआ है. पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली तो डैशबोर्ड से पश्चिम बंगाल का एक नंबर प्लेट (डब्ल्यूबी 02 वी 2085) जब्त किया है. अलग-अलग चेचिस नंबर भी मिला है. इससे यह साफ है कि शराब माफियाओं द्वारा फर्जी नंबर लगाकर लग्जरी वाहनों से विदेशी शराब की खेप बिहार भेजी जा रही है. इस संबंध में धनवार थाना में कांड संख्या 130/24, भादवि की धारा 279, 468, 272, 273, 425, 414/34 भादवि एवं 47(ए) उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.

छापेमारी में ये थे शामिल

छापेमारी में खोरीमहुआ के एसडीपीओ नीरज कुमार सिंह, इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार सिंह, जमुआ थानेदार मणिकांत कुमार, थाना प्रभारी देवरी सोनु कुमार साहु, हीरोडीह थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार अग्रवाल, राजधनवार थाना प्रभारी नन्दु कुमार पाल तथा घोरथंभा ओपी प्रभारी विभूति देव आदि थे.

Also Read: गिरिडीह और कोडरमा लोकसभा सीट पर जमकर लगा सट्टा

विज्ञापन
Guru Swarup Mishra

लेखक के बारे में

By Guru Swarup Mishra

मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन