Giridih News :जनगणना में जनभागीदारी पर जोर

Updated:
विज्ञापन
Giridih News :जनगणना में जनभागीदारी पर जोर

Giridih News :समाहरणालय सभाकक्ष में गुरुवार को भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण व स्व-गणना को लेकर एक मीडिया ब्रीफिंग का आयोजन किया गया. इस अवसर पर डीसी रामनिवास यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़कर जनगणना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की.

विज्ञापन

वहीं, डीडीसी स्मृता कुमारी ने विस्तृत रूप से पूरी प्रक्रिया की जानकारी देते हुए जनभागीदारी की आवश्यकता पर बल दिया. डीसी श्री यादव ने कहा कि भारत की जनगणना 2027 का प्रथम चरण 16 मई से 14 जून तक चलेगा. इस कार्य के लिए 802 पर्यवेक्षक व 4699 प्रगणकों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. इसमें मकानों का सूचीकरण व गणना का कार्य किया जायेगा. इस कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जिले में प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गयी है.

पहली बार आम नागरिकों के लिए स्व-गणना का विकल्प उपलब्ध

डीडीसी स्मृता कुमारी ने बताया कि गिरिडीह जिले में ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों को मिलाकर कुल 16 चार्ज बनाये गये हैं. इसमें 13 ग्रामीण व तीन नगरीय (नगर निगम गिरिडीह, बड़की सरैया नगर पंचायत तथा धनवार नगर पंचायत) हैं. प्रत्येक चार्ज के लिए संबंधित बीडीओ तथा शहरी क्षेत्रों में प्रशासनिक पदाधिकारियों को दायित्व सौंपा गया है. उन्होंने कहा कि इस बार जनगणना प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी एवं सुगम बनाने के लिए पहली बार आम नागरिकों के लिए स्व-गणना का विकल्प उपलब्ध कराया गया है. उन्होंने बताया कि नागरिक स्वयं विशेष पोर्टल (www.se.census.gov.in) के माध्यम से एक मई से 15 मई तक अपनी जनगणना की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं. यह भी स्पष्ट किया कि स्व-गणना के माध्यम से भरा गया डेटा पूरी तरह सुरक्षित रहेगा और इसका उपयोग केवल आधिकारिक जनगणना उद्देश्यों के लिए किया जाएगा. स्व-गणना के दौरान नागरिकों से मुख्य रूप से आवास, परिवार की संरचना, बुनियादी सुविधाओं एवं उपलब्ध संसाधनों से संबंधित जानकारी मांगी जायेगी. मौके पर अपर समाहर्ता बिजय सिंह बिरूआ, जिला नजारत उप समाहर्ता, आशुतोष ठाकुर, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी जितेंद्र कुमार दुबे, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती समेत अन्य उपस्थित थे.

डीडीसी ने की जेएसएलपीएस योजनाओं की समीक्षा

गिरिडीह. डीआरडीए सभागार में डीडीसी स्मृता कुमारी ने झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के अंतर्गत संचालित योजनाओं व कार्यक्रमों की गुरुवार को समीक्षा की. जिला कार्यक्रम प्रबंधक ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की प्रगति से डीडीसी को अवगत कराया गया. डीडीसी ने निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पूर्ण पारदर्शिता, जवाबदेही व समर्पण के साथ सुनिश्चित किया जाये तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से प्राप्त किया जाये. उन्होंने विशेष रूप से स्वयं सहायता समूहों के व्यापक गठन व सुदृढ़ीकरण पर बल दिया. कहा कि अधिक से अधिक ग्रामीण महिलाओं को आजीविका से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त व आत्मनिर्भर बनाया जाये.

विज्ञापन
Pradeep Kumar

लेखक के बारे में

By Pradeep Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola