Giridih News :डीसी ने किया बिरनी व सरिया में कस्तूरबा विद्यालय का निरीक्षण

Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 04 Apr 2026 10:07 PM

विज्ञापन

Giridih News :डीसी रामनिवास यादव ने छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित आवासीय व्यवस्था तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को बिरनी व सरिया के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया. इसके बाद उन्होंने प्लस टू उच्च विद्यालय भरकट्टा का भी जायजा लिया.

विज्ञापन

डीसी सबसे पहले कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बिरनी पहुंचे. डीसी ने विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रावास, भोजन व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, सुरक्षा व्यवस्था तथा छात्राओं को उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये. वहीं, सरिया प्रखंड के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय निरीक्षण के क्रम में डीसी ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, कक्षाओं में पठन-पाठन की स्थिति, पुस्तकालय, कंप्यूटर कक्ष, विज्ञान प्रयोगशाला तथा छात्राओं की उपस्थिति की जांच की.

नियमित कक्षा संचालित कर पाठ्यक्रम पूरा करने पर जोर

डीसी ने शिक्षकों को निर्देश दिया कि छात्राओं की नियमित कक्षाएं संचालित की जाये और पाठ्यक्रम समय पर पूरा कराया जाये. पढ़ाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना प्राथमिकता होनी चाहिए. डीसी ने छात्रावास का निरीक्षण करते हुए छात्राओं से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं व आवश्यकताओं की जानकारी ली. छात्राओं ने भोजन, स्वच्छता, पढ़ाई और खेलकूद से संबंधित अपनी बातें साझा की. डीसी ने छात्राओं को समय पर पौष्टिक भोजन मेन्यू के अनुसार ही भोजन परोसने पर जोर दिया. रसोई घर की साफ-सफाई और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता बनाये रखने की बात कही. विद्यालय परिसर में स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करें और सभी शौचालयों की साफ-सफाई प्रतिदिन का निर्देश दिया.

नियमित रूप करें स्वास्थ्य जांच

डीसी ने कहा कि छात्राओं के स्वास्थ्य और स्वच्छता से कोई समझौता नहीं किया जायेगा. नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच शिविर लगाकर छात्राओं की स्वास्थ्य जांच पर जोर दिया. डीसी ने विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया. उन्होंने वार्डन व शिक्षकों को निर्देश दिया कि छात्रावास में सीसीटीवी कैमरे, रजिस्टर संधारण और रात्रि निगरानी व्यवस्था को मजबूत की जाये. बाहरी लोगों के अनावश्यक प्रवेश पर रोक लगाने और विद्यालय परिसर में अनुशासन बनाए रखने की बात कही. कहा कि छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रम, योग, संगीत व अन्य गतिविधियों का नियमित आयोजित करें. संबंधित बीइइओ, विद्यालय प्रबंध समिति व शिक्षकों को निर्देश दिया कि विद्यालय संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए. मौके पर संबंधित डीएसई, बीडीओ, सीओ. विद्यालय के प्राचार्य समेत अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मी उपस्थित थे.

विधायक ने डीसी के साथ किया योजनाओं का निरीक्षण

विधायक नागेंद्र महतो व डीसी रामनिवास यादव ने शनिवार को बिरनी प्रखंड में लंबे वर्षों से बंद पड़े बरहमसिया के नवादा व भरकट्टा पानी टंकी, प्लस टू उवि भरकट्टा, प्लस टू उवि जनता जरीडीह, प्लस टू उवि पलोंजिया, मॉडल डिग्री कॉलेज आदि का निरीक्षण किया. इस दौरान नवादा, भरकट्टा, बाराडीह, कपिलो पानी टंकी की जानकारी लेते हुए विभागीय कार्यपालक अभियंता को अविलंब योजनाओं को सुधार कर पानी की सप्लाई शुरू कराने का निर्देश दिया. वहीं, प्लस टू उवि भरकट्टा के साढ़े सात एकड़ जमीन पर चहारदीवारी निर्माण कराने की बात कही. प्लस टू उवि जनता जरीडीह जाकर स्कूल की व्यवस्था का जायजा लिया. जबकि, प्लस टू उवि पलोंजिया बंद मिला. प्रधानाध्यापक श्यामदेव राय के स्कूल में नहीं रहने के कारण विस्तृत जानकारी नहीं मिली.

मॉडल कॉलेज की चहारदीवारी पूरा करने का निर्देश

मॉडल डिग्री कॉलेज का निरीक्षण करने पहुंचे डीसी ने सीओ संदीप मधेसिया को रविवार को अमीन बुलाकर मॉडल डिग्री कॉलेज को प्राप्त साढ़े दस एकड़ जमीन की मापी कराकर संवेदक से पूरे जमीन पर चहारदीवारी कराने को लेकर निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान डीसी ने अरारी मौजा के डबरसैनी चौक स्थित 103 एकड़ जंगल झाड़ जमीन को अतिक्रमण किये पर सीओ फटकार लगायी. कहा कि जो भवन बन चुका है, उसे छोड़कर जो नया बन रहा है या अतिक्रमण किया जा रहा है, उसे अविलंब अतिक्रमण मुक्त करें. इस पर सीओ ने सुरक्षा को लेकर पुलिस बल की व्यवस्था कराने की मांग रखी. क्षेत्र से बालू तस्करी को भी लेकर सीओ को फटकार लगायी. बालू तस्करों पर कार्रवाई का सख्त निर्देश दिया. मौके पर डीएसई मुकुल राज, बीडीओ फणीश्वर रजवार, सीआई दीनदयाल दास, सांसद प्रतिनिधि देवनाथ राणा, भाजपा नेता लक्ष्मण दास, सूरज मोदी, प्रेमचंद वर्मा, प्रवीण प्रभाकर, सुभाष वर्मा आदि मौजूद थे.

विज्ञापन
PRADEEP KUMAR

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola