Giridih News :डीसी ने किया बेंगाबाद प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण, गायब मिले अधिकांश कर्मी

Edited by PRADEEP KUMAR
Updated:
विज्ञापन

डीसी रामनिवास यादव शनिवार को बेंगाबाद प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया. डीसी के आने की भनक नहीं लगने के कारण अधिकांश कर्मी गायब मिले. कार्यालयों में ताला बंद होने के कारण डीसी भड़क गये और उपस्थित कर्मियों पर जमकर बरसे.

विज्ञापन

सबसे पहले डीसी अंचल कार्यालय पहुंचे, जहां सीओ के छुट्टी पर रहने की बात बतायी गयी. सीओ के साथ-साथ प्रधान सहायक, अंचल निरीक्षक, नाजिर भी गायब मिले. एकमात्र कर्मचारी पिंटू कुमार राय काम करते मिले. डीसी ने उससे कई जानकारी मांगी. इसके बाद अंचल विभाग में उपस्थित कर्मियों को सीओ के कक्ष में बुलाकर कार्यप्रणाली में सुधार लाने की बात कही.

देर से पहुंचे कर्मियों को किया तलब

कुछ ही देर में अंचल निरीक्षक के साथ-साथ अन्य कर्मचारी भी कार्यालय पहुंच गये. डीसी ने सभी को तलब करते हुए फटकार लगायी. कहा जनता के कार्य में दिलचस्पी नहीं दिखाते हैं. साथ ही मुद्रामोचन को बढ़ावा देने के लिए बिचौलियों का सहारा लेने के मामले में कर्मचारियों डांट पिलायी. कहा अंचल कार्यालय भ्रष्टाचार में डूब गया है. इसके बाद डीसी बीडीओ कार्यालय पहुंचे. वहां भी अधिकांश कर्मी गायब मिले. बीडीओ स्वयं छुट्टी पर थे. बंद कार्यालयों को देख डीसी ने नाराजगी जाहिर की. इधर कुछ ही देर में एमओ पहुंचे. बीडीओ कार्यालय में प्रखंड के कर्मियों को बुलाकर कार्यप्रणाली की जानकारी ली.

समय पर पहुंचे कार्यालय, लोगों का काम करें

कहा जनता को परेशानी हुई तो बख्शा नहीं जायेगा. सभी कर्मियों को समय पर कार्यालय में उपस्थित होने की हिदायत दी. इसके बाद डीसी स्वास्थ्य उपकेंद्र के पंजीकरण कांउटर में ऑफ लाइन पर्ची देख कर्मियों को फटकार लगायी. कहा जब कंप्यूटरीकृत पंजीकरण की व्यवस्था है, तो ऑफ लाइन पर्ची काटे जाने का क्या मतलब है. कांउटर में प्रिंटर नहीं देख डीसी भड़क गये. डीसी ने अस्पताल के विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण कर कार्य की स्थिति की जानकारी ली. विभिन्न कार्यालयों के निरीक्षण के बाद डीसी ने कहा सीएम के निर्देश पर प्रत्येक सप्ताह प्रखंड में विजिट करना है. बेंगाबाद के कार्यालयों के निरीक्षण के क्रम में अधिकांश अधिकारी व कर्मी गायब मिले हैं. वहीं कई कर्मी समय पर नहीं आते हैं जिनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जायेगी. कहा सीएचसी में गड़बड़ी मिली है, इसमें सुधार के लिए लिखित में निर्देश दिया जायेगा. कहा आगे होने वाली विकास योजनाओं की मीटिंग में संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया जायेगा.

ऑन द स्पाॅट सुनी समस्याएं

डीसी ने निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों से भी मिले. एक महिला ने रोते हुए बताया कि उसका घर कच्चा है. बरसात में उसे काफी परेशानी होती है. आवास का लाभ नहीं मिल रहा है. डीसी ने पीएम आवास के समन्वयक को शीघ्र जांच कर फाइल जिला भेजने का निर्देश दिया. डीसी ने महिला को आश्वस्त किया कि उन्हें आवास का लाभ दिया जायेगा. वहीं, एक बुजुर्ग ने बताया कि वह पेंशन के लिए आये थे. अब घर जाने के लिए टेंपो का किराया भी नहीं है. डीसी ने उन्हें सहयोग करते हुए कहा उन्हें पेंशन के लिए प्रखंड का चक्कर नहीं लगाना है. कुछ ग्रामीणों ने जमीन संबंधी समस्या से अवगत कराया. डीसी ने उन्हें भी सिविल कोर्ट के माध्यम से अपने अधिकार की जमीन लेने के लिए अपील में जाने की सलाह दी. डीसी से मिलने के बाद ग्रामीणो संतुष्ट दिखे.

विज्ञापन
PRADEEP KUMAR

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola