Giridih News :लचर बिजली व्यवस्था के खिलाफ भाकपा माले का प्रदर्शन

Giridih News :धनवार विधानसभा क्षेत्र में लगातार बिगड़ती बिजली व्यवस्था, लो-वोल्टेज और अनियमित आपूर्ति से त्रस्त लोगों को परेशानी हो रही है. भाकपा माले के बैनर तले शुक्रवार को कार्यकर्ताओं ने विद्युत कार्यालय गावां के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जल्द से जल्द व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की.
मौके पर उपस्थित धनवार के पूर्व विधायक राजकुमार यादव ने बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के कारण आम जनता को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है. गर्मी में लोगों को बिजली की सबसे अधिक जरूरत है, वहीं क्षेत्र में घंटों कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है. इससे ना केवल घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहा है, बल्कि व्यवसाय, पढ़ाई और पेयजल आपूर्ति भी बाधित हो रही है. कहा कि ग्रामीण इलाकों में तो कई-कई घंटे बिजली गायब रहती है. ट्रांसफॉर्मर जलने और तारों की खराबी की शिकायतों पर भी विभाग द्वारा समय पर कार्रवाई नहीं की जाती. यह पूरी तरह से विभागीय उदासीनता का नतीजा है.
48 घंटे में सुधार नहीं, तो 26 अप्रैल को चक्का जाम की चेतावनी
उन्होंने प्रशासन और बिजली विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 48 घंटे के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं की गयी, तो माले के नेतृत्व में 26 अप्रैल को नवादा-गिरिडीह मुख्य रोड को जाम किया जायेगा. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बिजली आपूर्ति में सुधार, नियमित मेंटेनेंस, जले हुए ट्रांसफॉर्मरों को तत्काल बदलने और लो-वोल्टेज की समस्या को दूर करने की मांग रखी. साथ ही चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान जल्द नहीं हुआ, तो आंदोलन को उग्र रूप दिया जायेगा. मौके पर माले नेता नागेश्वर यादव, जिप सदस्य पवन चौधरी, गणेश यादव, इंनौस के प्रखंड अध्यक्ष अकलेश यादव, आनंदी यादव, उपेंद्र कुमार, सदानंद यादव समेत अन्य मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




