Giridih News :असामाजिक तत्वों ने राजादोर जंगल में लगायी आग, झुलसे पेड़-पौधे

Published by :PRADEEP KUMAR
Published at :24 Apr 2026 11:37 PM (IST)
विज्ञापन
Giridih News :असामाजिक तत्वों ने राजादोर जंगल में लगायी आग, झुलसे पेड़-पौधे

Giridih News :बिरनी प्रखंड मुख्यालय से महज छह किलोमीटर पश्चिम पडरिया पंचायत के बेचिरागी गांव कहे जानेवाले राजादोर जंगल में असामाजिक तत्वों ने गुरुवार की दोपहर आग लगा दी. आग इतनी भयावह थी कि इसमें लगभग 20 एकड़ जमीन पर लगे अकेसिया के हजारों मोटे पेड़ व लाखों छोटे पौधे जलकर नष्ट हो गये.

विज्ञापन

आग बुझाने के लिए आये बगल के गांव वृंदा निवासी पप्पू पंडित व अशोक साव ने बताया कि फायर ब्रिगेड, अंचलाधिकारी, पुलिस समेत स्थानीय मुखिया को भी इसकी सूचना दी गयी. सीओ संदीप मधेसिया ने काफी प्रयास भी किया, लेकिन फायर ब्रिगेड के खराब रहने के कारण उसने आने से मना कर दिया. वाहन खराब रहने का परिणाम यह हुआ कि गुरुवार देर रात तक जंगल में आग धधकती रही. बता दें कि राजादोर बेचिरागी गांव है. यहां लगभग 200 एकड़ गैरमजरुआ जमीन में डीवीसी के द्वारा वर्ष 2007-08 में पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए अपनी राशि से अकेसिया का पौधा लगाया गया था. पेड़ लगाये 18 वर्ष हो चुके हैं. इस वजह से पेड़ मोटे-मोटे हो गये हैं. वहीं, जंगल में उसके बीज गिरने से लाखों पौधे उग आये हैं. लोगों का कहना है कि अकेसिया पेड़ की डाली से लेकर पेड़ तक सारा कुछ उपयोगी होता है. पेड़ को काटने के लिए लोगों के द्वारा जानबूझकर आग लगा दी जाती है, ताकि पेड़ के सूखने के बाद उसे काटने में आसानी हो सके

पांच मार्च को भी लगा दी गयी थी आग

बता दें कि पांच मार्च को भी असामाजिक तत्वों ने जंगल में आग लगा दी थी. इस दौरान मुखिया विजय दास के प्रयास से फायर ब्रिगेड को बुलाया गया था, लेकिन वह सफल नहीं हो पाया. इसके बाद मुखिया ने स्थानीय लोगों के सहयोग से तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया था. इस दौरान भी हजारों पेड़ पूरी तरह से झुलस गये थे.

पडरिया में जंगल में भी हो चुकी ऐसी घटना

मालूम रहे कि 19 मार्च को भी असामाजिक तत्वों ने डीवीसी के द्वारा पडरिया पहाड़ी के नीचे वर्ष 2007-08 में गैरमजरुआ जमीन पर लगाये गये अकेसिया के जंगल में भी आग लगा दी थी. इसमें 25 एकड़ जमीन पर लगे अकेसिया के लाखों पेड़ व पौधे पूरी तरह से जल व झुलस गये थे.

क्या कहते हैं सीओ

सीओ ने कहा कि सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड से संपर्क किया गया, लेकिन वाहन खराब रहने का हवाला देते हुए उसने आने से मना कर दिया.

विज्ञापन
PRADEEP KUMAR

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

PRADEEP KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola