गिरिडीह गोलीकांड में एक और आरोपी गिरफ्तार, देसी पिस्टल व जिंदा कारतूस बरामद

प्रेस वार्ता में जानकारी देते एसपी डॉ विमल कुमार
Giridih: नगर निकाय चुनाव में मतदान के दिन हुई गोलीबारी की घटना में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है. उसके पास से हथियार भी बरामद किया गया है.
Giridih: नगर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 18 में नगर निगम चुनाव के बाद हुई गोलीबारी की घटना में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने घटना में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस और खोखा बरामद किया है. गुरुवार को एसपी डॉ विमल कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी. एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान झिंझरी मोहल्ला निवासी इंद्रदेव श्रीवास्तव के 22 वर्षीय पुत्र हर्ष श्रीवास्तव उर्फ टुसू के रूप में हुई है.
आरोपी से पूछताछ के बाद हथियार बरामद
सूचना मिली थी कि 23 फरवरी को संपन्न नगरपालिका चुनाव के बाद बूथ संख्या-18/3 (उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, आजाद नगर, पचंबा) से करीब 200 मीटर दूर हुई गोलीबारी में शामिल अभियुक्त किसी सुरक्षित स्थान पर छुपा है और बाहर भागने की फिराक में है. सूचना के सत्यापन के बाद एसपी के निर्देश पर गठित छापामारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ताराटांड़ थाना क्षेत्र के टुंडी मुख्य मार्ग स्थित बुटबरिया गांव से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने हथियार छिपाने की बात स्वीकार की.
हर्ष श्रीवास्तव पर नगर थाना में पूर्व से दर्ज है एक मामला
गिरफ्तारी के समय आरोपी के पास से हथियार नहीं मिला. सख्ती से पूछताछ में उसने बताया कि घटना में प्रयुक्त पिस्टल को पचंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत बलखंजो रेलवे अंडरपास के पास छुपाकर रखा है. पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सघन तलाशी अभियान चलाकर एक 7.65 एमएम की देसी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद कर लिया. एसपी ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध नगर थाना में पूर्व से एक मामला दर्ज है. मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है.
वरीय अधिकारियों की टीम ने संभाला था मोर्चा
कार्रवाई का नेतृत्व सदर एसडीपीओ जीतवाहन ऊरांव ने किया. छापामारी दल में कई डीएसपी और विभिन्न थाना क्षेत्रों के प्रभारी शामिल रहे. पुलिस अधिकारियों और पदाधिकारियों की संयुक्त टीम ने समन्वित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोचा. पुलिस का कहना है कि चुनाव के बाद हुई इस गोलीबारी की घटना को गंभीरता से लिया गया है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जायेगा.
ये भी पढ़ें…
गिरिडीह अवैध आरा मिल में वन विभाग की छापेमारी, भारी मात्रा में लकड़ी बरामद
Giridih News :तीन सौ फीट पीसीसी नहीं बनाने से ग्रामीणों में आक्रोश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




