मोबाइल दुकान में सेंधमारी कर चोरी, 20 हजार रुपये नगद व 40 हजार मूल्य के मोबाइल ले उड़े चोर
Updated at : 13 Oct 2019 8:30 AM (IST)
विज्ञापन

गिरिडीह : गिरिडीह में चोराें का आतंक बढ़ता जा रहा है. एक बार फिर मोबाइल दुकान को निशाना बनाया है. इस बार बस पड़ाव के समीप संचालित मां गौरी टेलीकॉम में सेंधमारी कर 20 हजार रुपये नगद व लगभग 40 हजार मूल्य के मोबाइल व अन्य पार्ट्स पर हाथ साफ किया है. घटना शुक्रवार की […]
विज्ञापन
गिरिडीह : गिरिडीह में चोराें का आतंक बढ़ता जा रहा है. एक बार फिर मोबाइल दुकान को निशाना बनाया है. इस बार बस पड़ाव के समीप संचालित मां गौरी टेलीकॉम में सेंधमारी कर 20 हजार रुपये नगद व लगभग 40 हजार मूल्य के मोबाइल व अन्य पार्ट्स पर हाथ साफ किया है. घटना शुक्रवार की रात की है. शनिवार की सुबह जब दुकानदार विशाल कुमार ने दुकान खोला तो उसे घटना की जानकारी मिली.
पीछे की दीवार में सेंधमारी कर घटना को अंजाम दिया गया था. इसकी जानकारी पर आसपास के लोग पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गयी. नगर पुलिस भी मौके पर पहुंची मामले की छानबीन की. विशाल ने बताया कि शुक्रवार की रात 8.30 बजे उसने दुकान बंद की थी. दूसरे दिन सुबह आठ बजे जब दुकान खोली तो देखा कि चोरी हुई है.
तीन दिनों पूर्व एक चोर को पुलिस ने भेजा है जेल : पिछले 27-28 सितंबर की रात को भी चोरों ने स्टेशन रोड स्थित मोबाइल केयर नामक दुकान में चोरी की थी. यहां से लगभग 10 लाख की संपत्ति पर हाथ साफ किया था.
इस घटना के बाद पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया और आठ अक्तूबर को इस चोरी में शामिल साहेबगंज के एक अपराधी को गिरफ्तार किया था. उसने बताया था कि वे लोग मोबाइल दुकान में चोरी कर मोबाइल को बांग्लादेश में खपाते हैं. उसकी गिरफ्तारी के तीन दिन बाद ही चोरों ने दूसरी घटना को अंजाम देकर पुलिस को सीधी चुनौती दे डाली.
एक के बाद एक हो रही है चोरी
शहरी इलाके में पिछले कुछ महीनों से चोरी की घटनाएं लगातार हो रही है. इनमें से कई घटनाओं का उद्भेदन भी पुलिस नहीं कर पायी है. नगर, पचंबा व मुफस्सिल इलाके में हो रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस को भी परेशान कर रखा है.
बताया जाता है कि चोरों ने ज्यादातर वैसे मकानों या प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया है, जिनमें ताला बंद था. हाल के एक डेढ़ माह की चोरी की घटनाओं का जिक्र करें तो सात अक्तूबर को चोरों ने मकतपुर डाकघर के पोस्टमास्टर प्रकाश वर्मा के बनियाडीह स्थित आवास से लगभग 70-75 हजार की चोरी की थी. इसी तरह 15 सितंबर को पचंबा थाना इलाके के बोड़ो में संचालित बैघनाथ टीवीएस में चोरी की घटना घटी थी.
चोरों ने यहां से कई पार्ट्स, एक लैपटॉप, दो टैब समेत कई सामानों पर हाथ साफ किया. चोरी गये सामानों की कीमत लगभग 1.5 लाख है. आठ सितंबर की रात को चोरों ने पचंबा थाना इलाके के मो इब्राहिम अंसारी के घर से 20 हजार रुपये नगद, जेवरात समेत कई सामानों पर हाथ साफ किया था.
40 लाख की चोरी में पुलिस के हाथ खाली
पिछले 6 से 9 अगस्त के बीच नगर थाना से महज सौ मीटर की दूरी पर स्थित धरियाडीह के सुरेश परशुरामका के घर हुए 40 लाख रुपये चोरी के मामले का उद्भेदन पुलिस नहीं कर सकी है. धनबाद से खोजी कुत्ता को बुलाया गया तो लगभग 22 घंटे का सीसीटीवी फुटेज भी खंगाला गया. पुलिस की टेक्निकल सेल द्वारा मोबाइल कल डंप को भी खंगाला गया, लेकिन अपराधियों को पुलिस नहीं खोज सकी.
बता दें कि धरियाडीह निवासी सुरेश परशुरामका के बंद घर में चोरी हुई थी. सुरेश छह अगस्त को घर बंद कर अपने ससुराल पश्चिम बंगाल के बराकर गये थे. नौ अगस्त को जब लौटे तो देखा कि उनके घर में चोरी हो गयी है. इसके बाद इस संबंध में नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




