मृत कर्मचारी का कर दिया गया तबादला

Updated:
विज्ञापन
मृत कर्मचारी का कर दिया गया तबादला

चार माह पहले हो चुकी थी कर्मचारी की मौत, बिना जांच के जारी कर दी गयी सूची

विज्ञापन

चार माह पहले हो चुकी थी कर्मचारी की मौत, बिना जांच के जारी कर दी गयी सूची

विजय सिंह, भवनाथपुर (गढ़वा)

जिला प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करने वाली एक बड़ी लापरवाही सामने आयी है. समाहरणालय स्थित जिला स्थापना शाखा द्वारा जारी तबादला सूची में एक ऐसे कर्मचारी का भी नाम शामिल कर दिया गया, जिनका करीब चार माह पहले ही निधन हो चुका है. मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में चर्चा तेज हो गयी है और विभाग की किरकिरी हो रही है. दरअसल शुक्रवार को जिला स्थापना शाखा की ओर से जिले के विभिन्न प्रखंडों और अंचल कार्यालयों में कार्यरत कर्मियों, कंप्यूटर ऑपरेटरों और बड़ा बाबुओं की तबादला सूची जारी की गयी थी. इस सूची में भवनाथपुर प्रखंड में कार्यरत रहे कर्मचारी गौरव आनंद का नाम भी शामिल है. सूची के अनुसार उनका स्थानांतरण भवनाथपुर प्रखंड से रंका प्रखंड कर दिया गया है. हैरानी की बात यह है कि गौरव आनंद का निधन करीब चार माह पहले ही हो चुका है. इसके बावजूद उनका नाम जीवित कर्मियों की सूची में डालकर स्थानांतरण कर दिया गया. इससे साफ है कि स्थापना शाखा के पास कर्मियों का अद्यतन डेटा उपलब्ध नहीं है और बिना सही जांच-पड़ताल के पुराने रिकॉर्ड के आधार पर ही तबादला सूची तैयार कर दी गयी. मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक गलियारों और आम लोगों के बीच चर्चा का माहौल गर्म है. लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब किसी कर्मचारी की मृत्यु की सूचना विभाग को मिल चुकी होती है, तो फिर सूची तैयार करते समय इतनी बड़ी गलती कैसे हो गयी. इस घटना ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली की गंभीरता और संवेदनशीलता पर भी सवाल खड़े कर दिये हैं.

विज्ञापन
Akarsh Aniket

लेखक के बारे में

By Akarsh Aniket

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola