बड़गड़ की प्राकृतिक छटा निराली, दूसरे राज्यों से भी पहुंचते हैं पर्यटक

बड़गड़ की प्राकृतिक छटा निराली, दूसरे राज्यों से भी पहुंचते हैं पर्यटक
घनश्याम सोनी, बड़गड़ (गढ़वा) गढ़वा जिले का बड़गड़ प्रखंड, अपनी प्राकृतिक सुंदरता और पहाड़ी दृश्यावलियों के कारण पर्यटन का एक प्रमुख स्थल बन चुका है. नववर्ष के आगमन के साथ ही यह क्षेत्र पर्यटकों के लिए एक जीवंत और रंगीन स्थल बन जाता है, जहां लोग ढोल-नगाड़ों की धुन पर पिकनिक और लोकगीतों का आनंद लेते हैं. यहां की वादियां और जलप्रपात विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र है. यहां की वादियों को देखने के लिए नववर्ष के अवसर पर यहां यूपी और छत्तीसगढ़ से भी पहुंचते हैं पर्यटक.
बड़गड़ के प्रमुख पर्यटन स्थल
सरूअत पहाड़झारखंड की दूसरी सबसे ऊंची चोटी, जो साहसिक पर्यटन के शौकीनों के लिए आदर्श स्थल है. यहां की चढ़ाई और अद्भुत दृश्य पर्यटकों को रोमांचित कर देते हैं.
कोरईडेवा जलप्रपातयह जलप्रपात गिरते पानी और आसपास की हरियाली के साथ पिकनिक मनाने के लिए एक आदर्श स्थान है. यहां का शांत और शीतल वातावरण सैलानियों को आकर्षित करता है.
हड़वार नदीबड़गड़ प्रखंड मुख्यालय के पास स्थित इस नदी पर सबसे अधिक सैलानियों की भीड़ देखी जाती है. नदी का दृश्य और आसपास का सौंदर्य पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर देता है.
संगम स्थलकनहर और कुलवंती नदियों का संगम स्थल धार्मिक और प्राकृतिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है. यहां की शांति और अद्भुत दृश्यावलियां पर्यटकों को आकर्षित करती हैं.
हेसातू का असना दह और बूढ़ा पहाड़यह दोनों स्थल भी बड़गड़ के प्रमुख पर्यटक स्थल हैं, जो अपने प्राकृतिक सौंदर्य और ऐतिहासिक महत्व के लिए प्रसिद्ध हैं.
नववर्ष पर ढोल-नगाड़े और लोकगीतों से गूंजती हैं वादियां
नववर्ष के अवसर पर बड़गड़ का वातावरण एक उत्सव का रूप ले लेता है. यहां ढोल-नगाड़े और डीजे की धुनों पर लोग लोकगीतों पर झूमते हुए वनभोज (पिकनिक) का आनंद लेते हैं. यह उत्सव मकर संक्रांति तक चलता है, जब क्षेत्र में सैलानियों की चहल-पहल चरम पर होती है.यात्रा की सावधानियां
समय का ध्यान रखें : सुरक्षा की दृष्टि से शाम होने से पहले पिकनिक स्थल से वापस लौटना बेहतर है.
ठहरने की व्यवस्था समुचित व्यवस्था नहीं : बड़गड़ में फिलहाल कोई पुख्ता होटल या गेस्ट हाउस उपलब्ध नहीं है, इसलिए पर्यटकों को रात्रि विश्राम के लिए गढ़वा या आसपास के क्षेत्र में ठहरना पड़ सकता है.कैसे पहुंचे बड़गड़?
बड़गड़ प्रखंड गढ़वा जिला मुख्यालय से लगभग 80 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. यहां तक पहुंचने के लिए पर्यटक गढ़वा से रंका, गोदरमाना और भंडरिया होते हुए बड़गड़ पहुंच सकते हैं. यात्री बस, कार या बाइक से भी यहां आसानी से पहुंच सकते हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




