तिरंगे के रंग में रंगा गढ़वा का स्कूल, बच्चों ने निकाली स्वतंत्रता सेनानियों की झांकी; गूंजा ‘वंदे मातरम्’

Updated:
विज्ञापन

कार्यक्रम में उपस्थित लोग | Prabhat Khabar Network

गढ़वा के आरके पब्लिक स्कूल में हर घर तिरंगा अभियान के तहत देशभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। छात्रों ने स्वतंत्रता सेनानियों को याद कर तिरंगे का सम्मान किया।

विज्ञापन

गढ़वा: देश की आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आरके पब्लिक स्कूल, गढ़वा में देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. विद्यालय परिसर तिरंगे के रंगों से सराबोर रहा और पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति के भाव से भर उठा.

कार्यक्रम के दौरान कनिष्ठ वर्ग के छात्र-छात्राओं ने स्वतंत्रता सेनानियों की जीवंत झांकी प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया. वहीं, वरिष्ठ वर्ग के विद्यार्थियों ने तिरंगे के साथ विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया. बच्चों के हाथों में लहराता राष्ट्रीय ध्वज और उनका उत्साह उपस्थित लोगों में देशभक्ति की भावना जागृत कर रहा था.

पोस्टर और देशभक्ति गायन प्रतियोगिता

इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर ‘भारत माता की जय’, ‘जय हिंद’, ‘वंदे मातरम्’ तथा स्वतंत्रता सेनानियों के जयघोष से गूंज उठा. विद्यार्थियों के बीच पोस्टर प्रतियोगिता और देशभक्ति गायन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को विद्यालय प्रबंधन की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा.

इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक सह शिक्षाविद् अलखनाथ पांडेय ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान अब एक जनआंदोलन का रूप ले चुका है. गांवों से लेकर शहरों तक लोग उत्साह के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस अभियान का बच्चों और युवाओं पर विशेष प्रभाव पड़ रहा है तथा वे देश के स्वतंत्रता संग्राम और वीर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद कर रहे हैं.

उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है. यह भारत की एकता, अखंडता और विविधता को एक सूत्र में बांधने का संदेश देता है. हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य बच्चों और युवाओं के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना तथा स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से उन्हें परिचित कराना है.

विद्यार्थियों ने लिया संकल्प

विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ एक स्वर में वंदे मातरम् का गायन किया. राष्ट्रगीत के गूंजते स्वरों और तिरंगे के प्रति विद्यार्थियों के सम्मान ने पूरे वातावरण को देशभक्ति से भर दिया. इस दौरान छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत करने का संकल्प लिया.

कार्यक्रम का संचालन कर रहे अनुप कुमार पांडेय ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं. उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक के मन में देश के प्रति सम्मान, गौरव और जिम्मेदारी की भावना जागृत करने का अभियान है.

कार्यक्रम में विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक-शिक्षिकाएं भी हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए. पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा रहा.


विज्ञापन
Avinash Singh

लेखक के बारे में

By Avinash Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola