KCC लोन वालों के लिए बड़ी चेतावनी! रिन्यूअल नहीं कराया तो 1% की जगह लगेगा 13.50% ब्याज

Updated:
विज्ञापन

झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक ने चेतावनी दी है कि केसीसी ऋण का नवीनीकरण न कराने पर किसानों को भारी ब्याज और सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलेगा।

विज्ञापन

धुरकी,गढ़वा: बैंक से ऋण लेने वाले खाताधारकों और किसानों की लापरवाही उन पर भारी पड़ सकती है. धुरकी टाटीदीरी स्थित झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक विजय कुमार ने बकायेदारों को चेतावनी जारी करते हुए महत्वपूर्ण जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि जिन ऋणधारकों ने पिछले एक वर्ष से अपने केसीसी या अन्य ऋण खातों का नवीनीकरण (रिन्यूअल) नहीं कराया है, वे बैंक और सरकार की ओर से मिलने वाली महत्वपूर्ण सुविधाओं से सीधे तौर पर वंचित हो जाएंगे.

1 प्रतिशत की जगह लगेगा 13.50 प्रतिशत ब्याज

शाखा प्रबंधक ने बताया कि समय पर खाते का नवीनीकरण नहीं कराने की स्थिति में किसानों को सबसे बड़ा आर्थिक नुकसान ब्याज दर में होगा. जिस ऋण पर महज 1 प्रतिशत की रियायती ब्याज दर लागू थी, नवीनीकरण नहीं होने पर उस पर 13.50 प्रतिशत की दर से ब्याज देना पड़ेगा. इसके अलावा ऐसे किसान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के सुरक्षा कवच से भी बाहर हो जाएंगे.

ऋण माफी और दुर्घटना बीमा का नहीं मिलेगा लाभ

बैंक प्रबंधन के अनुसार, समय पर नवीनीकरण नहीं कराने वाले खाताधारक भविष्य में सरकार की ओर से समय-समय पर लाई जाने वाली ऋण माफी योजनाओं के लाभ से भी वंचित हो जाएंगे. यही नहीं, बैंक की ओर से मिलने वाले व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा की पात्रता भी समाप्त हो जाएगी.

शाखा प्रबंधक विजय कुमार ने क्षेत्र के सभी बकायेदार ऋणधारकों से अपील की है कि वे बिना किसी विलंब के टाटीदीरी शाखा पहुंचें और अपने ऋण खाते का नवीनीकरण करा लें, ताकि भविष्य में मिलने वाले सरकारी अनुदान, ब्याज छूट और बीमा का लाभ निर्बाध रूप से मिलता रहे.


विज्ञापन
Avinash Singh

लेखक के बारे में

By Avinash Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola