सदर अस्पताल में नसबंदी ऑपरेशन के दौरान लापवाही, मरीज की हालत बिगड़ी
Published by : Akarsh Aniket Updated At : 13 May 2026 9:36 PM
सदर अस्पताल में नसबंदी ऑपरेशन के दौरान लापवाही, मरीज की हालत बिगड़ी
प्रभाष मिश्रा, गढ़वा सदर अस्पताल में चिकित्सकीय लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है. मंगलवार को पुरुष नसबंदी ऑपरेशन के दौरान थल सेना के जवान सर्वजीत उपाध्याय (कुड़ी गांव निवासी) की हालत बिगड़ गयी. परिजनों ने चिकित्सक पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया कि ऑपरेशन के दौरान भारी चूक हुई, जिससे मरीज की जान जोखिम में पड़ गयी. भर्ती मरीज सर्वजीत उपाध्याय ने बताया कि डॉ कुश कुमार द्वारा उनका ऑपरेशन किया गया. आरोप है कि ऑपरेशन से पहले उन्हें बेहोशी या सुन्न करने की दवा (एनेस्थीसिया) नहीं दी गयी और सीधे चीरा लगा दिया गया, जिससे वह दर्द से तड़प उठे. किसी तरह टांका लगाकर उन्हें घर भेज दिया गया, लेकिन घर पहुंचते ही अत्यधिक रक्तस्राव शुरू हो गया. तबीयत बिगड़ने पर परिजन दोबारा अस्पताल पहुंचे. बुधवार सुबह डॉ मनीष लाल की टीम ने मरीज की स्थिति गंभीर देख दोबारा ऑपरेशन किया. परिजनों ने बताया कि ऑपरेशन से पहले मरीज का हीमोग्लोबिन 16.5 ग्राम था, जो रक्तस्राव के कारण घटकर 13 ग्राम रह गया. परिजनों ने अस्पताल की दक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब सरकार नसबंदी के लिए जागरूकता बढ़ा रही है, तो ऐसी लापरवाही विश्वास को तोड़ती है. सिविल सर्जन का बयान मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल सर्जन डॉ जॉन एफ केनेडी ने बताया कि वर्तमान में मरीज की स्थिति सामान्य है और वह चिकित्सकों की निरंतर निगरानी में है. उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










