गायब मिले चिकित्सक, भड़के एसडीएम

एसडीएम ने किया सदर अस्पताल के औचक निरीक्षण, पायीं खामियां
एसडीएम ने किया सदर अस्पताल के औचक निरीक्षण, पायीं खामियां प्रतिनिधि, गढ़वा सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) संजय कुमार ने रविवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं में भारी खामियां पायीं गयीं. इस दौरान रोस्टर ड्यूटी के बावजूद चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों की अनुपस्थिति देख एसडीएम ने कड़ी नाराजगी जतायी. उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों की सेवा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. निरीक्षण के दौरान विसंगतियां पाये जाने पर एसडीएम ने सिविल सर्जन डॉ जान एफ केनेडी और अस्पताल उपाधीक्षक को फोन कर स्थिति से अवगत कराया. उन्होंने कहा कि अस्पताल के डे-टू-डे मैनेजमेंट (दैनिक प्रबंधन) को तत्काल दुरुस्त किया जाये. एसडीएम ने कहा कि उपायुक्त के निर्देश पर वे नियमित अंतराल पर अस्पताल का निरीक्षण करते हैं, लेकिन लगभग हर बार रोस्टर के अनुरूप चिकित्सक तैनात नहीं मिलते. गढ़वा सदर अस्पताल के लिए डॉक्टर के ड्यूटी से गायब रहने का मामला नहीं हैं. इसी माह 14 जनवरी को अस्पताल में प्रसव के लिए आयी जितेंद्र कोरवा की पत्नी मंजू कुमारी शाम पांच बजे से रात दस बजे तक दर्द से परेशान रही और डॉक्टर देखने तक नहीं पहुंचे थे. इस मामले में बाद में शिकायत पर कार्रवाई हुई. दिन में डॉक्टरों की अनुपस्थिति स्वीकार्य नहीं एसडीएम संजय कुमार ने सख्त लहजे में कहा कि देर रात में कभी-कभार की अनुपस्थिति पर मानवीय आधार पर विचार किया जा सकता है, लेकिन दिन के उजाले में ड्यूटी से गायब रहना गंभीर अनुशासनहीनता है. उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि मरीजों को गारंटीड स्वास्थ्य सेवाएं मिलें. प्रशासन की प्राथमिकता हर गरीब और जरूरतमंद को समय पर इलाज मुहैया कराना है. सफाई और दवा वितरण का भी लिया जायजा निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने अस्पताल की साफ-सफाई, वार्डों में मरीजों की स्थिति, दवा वितरण केंद्र और इमरजेंसी सेवाओं का भी बारीकी से जायजा लिया. उन्होंने संकेत दिया कि इस पूरी जांच की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जिला के वरीय पदाधिकारियों को भेजी जा रही है, ताकि दोषी कर्मियों और चिकित्सकों पर विधिसम्मत कार्रवाई की जा सके.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




