गढ़वा में किसानों को 15 घंटे बिजली देने की मांग, भानु प्रताप शाही ने अधिकारियों को दी चेतावनी

Updated:
विज्ञापन
श्री बंशीधर नगर में विद्युत विभाग के अधिकारियों को दी चेतावनी, किसानों को 15 घंटे निर्बाध बिजली देने की मांग | Prabhat Khabar Network

विद्युत विभाग के अधिकारियों को भानु प्रताप ने दी चेतावनी | Prabhat Khabar Network

भवनाथपुर में बिजली संकट को लेकर भानु प्रताप शाही ने विद्युत विभाग को चेतावनी दी. उन्होंने किसानों को 15 घंटे बिजली देने और गलत बिल सुधारने की मांग की.

विज्ञापन

गढ़वाः श्री बंशीधर नगर. भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में किसानों को हो रही बिजली आपूर्ति की समस्या को लेकर शनिवार को भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही विद्युत विभाग के डिवीजन कार्यालय पहुंचे. उन्होंने कार्यपालक अभियंता समेत विभागीय अधिकारियों से मुलाकात कर किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और व्यवस्था में जल्द सुधार करने की मांग की.

अधिकारियों को चेतावनी देते हुए भानु प्रताप शाही ने कहा कि आप नए आए हैं, शायद पुराने अधिकारियों से मेरे बारे में पूछ लीजिए. मुझे 2005 वाला भानु प्रताप शाही बनने पर मजबूर मत करिए. पूर्व विधायक ने कहा कि इस वर्ष समय पर पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण किसान सिंचाई के लिए पूरी तरह बिजली पर निर्भर हैं. धान की रोपाई का समय चल रहा है, लेकिन पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से किसान परेशान हैं. उन्होंने मांग की कि किसानों को प्रतिदिन कम से कम 15 घंटे निर्बाध बिजली उपलब्ध करायी जाए, ताकि खेती प्रभावित न हो.

उन्होंने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई स्थानों पर बिजली कनेक्शन तो दे दिए गए हैं, लेकिन पोल और तार की व्यवस्था अब तक नहीं की गयी है. लोग अस्थायी व्यवस्था के सहारे बिजली का उपयोग कर रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. उन्होंने जर्जर तार और पोल को तत्काल बदलने तथा लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने की मांग की.

भानु प्रताप शाही ने स्मार्ट और डिजिटल मीटर से आ रहे अत्यधिक बिजली बिलों पर भी नाराजगी जतायी. उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं का बिल करीब एक हजार रुपये होना चाहिए, उन्हें चार से पांच हजार रुपये तक का बिल भेजा जा रहा है. उन्होंने विभाग से विशेष शिविर लगाकर गलत बिलों में सुधार करने और उपभोक्ताओं की शिकायतों का जल्द समाधान करने की मांग की.

इसी दौरान चितरी गांव के दक्षिण टोला के एक किसान ने विद्युत विभाग के एसडीओ प्रदीप सिंह पर बांस-बल्ली के सहारे चल रही बिजली लाइन की शिकायत पर कथित रूप से पैसे मांगने का आरोप लगाया. इस पर भानु प्रताप शाही ने अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की. उन्होंने कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो विभाग के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा.मौके पर कुमार कनिष्क, लक्ष्मण राम, शैलेश चौबे, मधुबाला देवी, पंकज सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे.


विज्ञापन
Avinash Singh

लेखक के बारे में

By Avinash Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola