24 वर्षों से कब्जा किए गए आंगनबाड़ी केंद्र पर बीडीओ की बड़ी कार्रवाई, अवैध कब्जाधारियों पर चला बरडीहा प्रशासन का डंडा

Updated:
विज्ञापन
अवैध कब्जाधारियों पर चला बरडीहा प्रशासन का डंडा, | Prabhat Khabar Network

अवैध कब्जाधारियों पर चला बरडीहा प्रशासन का डंडा, | Prabhat Khabar Network

गढ़वा के बरडीहा में बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने 24 वर्षों से अवैध कब्जे में रहे आंगनबाड़ी केंद्र को मुक्त कराया और अतिक्रमणकारियों पर सख्त कार्रवाई की।

विज्ञापन

गढ़वा: बरडीहा प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह की सख्त कार्यशैली से क्षेत्र में प्रशासनिक अमला पूरी तरह अलर्ट पर है. प्रतिदिन सुबह 6 बजे ही अपने आवास से निकलकर गांव-गांव, गली-गली और टोले-टोले का औचक भ्रमण करना बीडीओ का रोजमर्रा का दिनचर्या बन चुका है.

इसी कड़ी में शनिवार सुबह 6 बजे बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह निरीक्षण के लिए मझगावाँ (सुखनदी पंचायत) हेतु रवाना हुए. रास्ते में लोका गांव का जायजा लेते हुए उन्होंने सार्वजनिक रास्तों पर अवैध रूप से गाड़े गए खूंटों, मवेशियों के नाद और अतिक्रमण को मौके पर ही हटवाया. साथ ही नाली के पानी के सही निस्तारण के लिए सोखता निर्माण का निर्देश दिया.

24 वर्षों से कब्जा किए गए आंगनबाड़ी भवन को कराया खाली

इसके पश्चात बीडीओ मझगावाँ पहुंचे, जहां की तस्वीर देख हर कोई हैरान रह गया. वर्ष 2002 में बने आंगनबाड़ी भवन के एक कमरे पर निर्माण कराने वाले व्यक्ति ने ही पिछले 24 वर्षों से अवैध कब्जा जमा रखा था. भवन भले ही जर्जर हो चुका था, लेकिन कब्जा बरकरार था. बीडीओ ने मौके पर ही संबंधित व्यक्ति को कड़ी फटकार लगाते हुए शाम तक बांस, बल्ली और ईंटें हटाकर कमरा आंगनवाड़ी सेविका को सुपुर्द करने की सख्त हिदायत दी.

सामुदायिक भवन व शेड से भी हटा अतिक्रमण

कार्रवाई यहीं नहीं रुकी. उसी व्यक्ति द्वारा पिछले 7-8 वर्षों से सामुदायिक भवन में भूसा, लकड़ी और बल्लियां रखकर कब्जा जमाया गया था, जिसे ग्रामीणों की मदद से तुरंत खाली कराया गया. वहीं बाजार क्षेत्र में निर्मित सामुदायिक शेड पर पिछले 5 वर्षों से डंप किए गए बालू और कांटा-घुरान (झाड़ियों की घेराबंदी) को तत्काल हटवाने के कड़े निर्देश दिए गए.

नालियों की सफाई और स्वच्छता का संदेश

निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने अपने घर के सामने अतिक्रमण कर नालियों को बंद करने वाले ग्रामीणों को समझाया. बीडीओ के समझाने पर ग्रामीणों ने स्वप्रेरणा से अपने छप्पर, खूंटे और नाद हटाकर नालियों की सफाई का जिम्मा उठाया.

बाबा साहेब की प्रतिमा पर नमन, शेड निर्माण का निर्देश

भ्रमण के अंत में बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने गांव स्थित संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया. उन्होंने ग्रामीणों को बाबा साहेब के आदर्शों से अवगत कराया. साथ ही पंचायत के मुखिया को 15वें वित्त आयोग की राशि से बाबा साहेब की प्रतिमा के ऊपर एक सुंदर शेड का त्वरित निर्माण कराने का निर्देश जारी किया.


विज्ञापन
Avinash Singh

लेखक के बारे में

By Avinash Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola