सड़क निर्माण से मेराल बस स्टैंड में रोज जाम
Published by : Akarsh Aniket Updated At : 09 Feb 2026 9:43 PM
सड़क निर्माण से मेराल बस स्टैंड में रोज जाम
मेराल. मेराल बस स्टैंड में एनएच-39 सड़क निर्माण कार्य के कारण प्रतिदिन जाम की गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही है. सड़क के दोनों किनारों पर सब्जी विक्रेताओं और स्थानीय दुकानदारों द्वारा पाल पट्टी लगाकर सामान बेचने से यातायात बाधित हो रहा है. इसका सीधा असर बस स्टैंड, डंडई रोड, रेलवे स्टेशन बाजार रोड और एनएच मुख्य पथ पर देखने को मिल रहा है. जानकारी के अनुसार पिलर संख्या 33, 34, 35 तथा दूसरी ओर 25 से 32 तक प्रतिदिन दोपहर एक बजे से रात आठ बजे तक जाम की स्थिति बनी रहती है. जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. इस दौरान हल्की-फुल्की सड़क दुर्घटनाएं भी अक्सर होती रहती हैं. डंडई की ओर जाने वाले यात्रियों, रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले लोगों, स्थानीय स्कूल-कॉलेज के छात्र तथा दुकानदार जाम से सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क किनारे से अतिक्रमण और सब्जी बाजार को नहीं हटाया गया, तो भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










