भाजपा की परिवर्तन यात्रा नया अध्याय लिखने के लिए

Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 21 Sep 2024 8:54 PM

विज्ञापन

भाजपा की परिवर्तन यात्रा नया अध्याय लिखने के लिए

विज्ञापन

झारखंड के पश्चिमी छोर पर स्थित भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र (सीट संख्या-81) से भाजपा ने अपने परिवर्तन यात्रा की शुरूआत की. केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एवं कृषि मंत्री शिवनाथ सिंह चौहान ने इस परिवर्तन यात्रा रथ को पार्टी का झंडा दिखाकर शुरूआत किया. इस अवसर पर दोनों केंद्रीय नेताओं ने स्थानीय गोसाईबाग के मैदान में आयोजित जनसभा को भी संबोधित किया. राजनाथ सिंह ने कहा कि यह परिवर्तन यात्रा कोई साधारण यात्रा नहीं है. यह झारखंड में नया अध्याय लिखने की यात्रा है. उन्होंने कहा की वह आह्वान करने आये हैं कि प्रदेश के विकास के लिए परिवर्तन जरूरी है. इसके लिए राज्य में डबल इंजन की सरकार बनाना जरूरी है. उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य का गठन 24 वर्ष पूर्व हुआ था. आज यह राज्य रजत जयंती वर्ष में प्रवेश कर रहा है. भाजपा को जनता ने तीन-तीन बार मौका दिया. लेकिन जितना विकास का समय मिलना चाहिए था, उतना नहीं मिल पाया. फिर भी उनके मुख्यमंत्रियों ने बेहतर काम किया. वह दावे के साथ कह सकते हैं कि उनके तीनों मुख्यमंत्रियों के दामन पर कोई दाग नहीं लगा. वर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर तीखा हमला करते हुए उन्होंने कहा कि जेल जाने के बाद भी यह आदमी सीना तान कर खड़ा है. उन्होंने कहा कि दरअसल राजनीति लोक लाज और मर्यादा के बिना नही चल सकती. भारतीय परंपरा भी यही कहती है. मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम ने एक आरोप पर अपनी प्राणप्रिय माता सीता का त्याग कर दिया था. लाल कृष्ण आडवाणी ने भी एक बेबुनियाद आरोप पर संसद की सदस्यता से त्याग पत्र दे दिया था. समाज और देश को सन्मार्ग पर ले जाने का काम राजनीति का है. लेकिन झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ठीक इसके विपरीत काम कर रही है. उन्होंने कहा कि झारखंड की सरकार अन्याय कर रही है और अन्याय करने से अधिक अन्याय सहना होता है. इसलिए इस अन्याय के विरुद्ध अपलोगों को लड़ना होगा. यदि झारखंड में भाजपा की सरकार बनती है, तो राज्य का विकास काफी तेज गति से होगा.

राज्य में तीन स्पीड ब्रेकर : राजनाथ सिंह ने कहा कि झारखंड में झामुमो राजद और कांग्रेस रूपी तीन स्पीड ब्रेकर है. इसे तोड़ने की जरूरत है. इस दौरान उन्होंने बंगादेशी घुसपैठ पर आंख मूंदने का आरोप लगाते हुये हेमंत सारेन की कड़ी आलोचना की. साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी देश के बाहर भारत की छवि खराब करने का आरोप लगाते हुये कड़ी निंदा की. प्रधानमंत्री के कार्याें की प्रशंसा करते हुये राजनाथ सिंह ने कहा कि पीएम मोदी ने देश के लिए कई ऐतिहासिक काम किए हैं. महिलाओं को नित्य क्रिया के लिए पहले बाहर जाना पड़ता था. पीएम मोदी ने इसे महसूस किया और सभी को शौचालय योजना का लाभ देकर महिलाओं को सम्मान देने का काम किया. पीएम आवास योजना के तहत सभी जरूरतमंदों को पक्का आवास दिया. झारखंड के कुछ लोगों को हेमंत सरकार के कारण आवास योजना का लाभ नही मिला होगा. लेकिन वे वादा करते हैं कि भाजपा की सरकार बनते ही कोई भी व्यक्ति इस योजना से छूटेगा नहीं. उन्होंने कहा कि आज देश में जिस रफ्तार से पक्की सड़क का निर्माण हो रहा है, उससे दुनिया भी अचंभित है. हर गांव में पक्की सड़क है. हर क्षेत्र में विकास हुआ है. कार्यक्रम को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी व पलामू सांसद बीडी राम ने भी संबोधित किया. कार्यक्रम का संचालन विधायक भानु प्रताप शाही ने किया.

झारखंड में बाल्टी में बालू बिक रहा : शिवराज सिंह चौहान

परिवर्तन यात्रा को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि श्री बंशीधर नगर में विराजमान श्री कृष्ण एवं राधा रानी जैसी अद्भुत प्रतिमा हमने आज तक नहीं देखी थी. उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने भी कहा है कि अन्याय करने से भी बड़ा पाप अन्याय सहना है. अब झारखंड में अन्याय की अति हो चुकी है. इस परिवर्तन यात्रा में आज आप इस अन्यायी सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लें. कृषि मंत्री ने कहा कि झारखंड की हेमंत सरकार में जितना भ्र्ष्टाचार हुआ है ,उतना आज तक पूरे देश में देखने को नहीं मिला है. उन्होंने कहा कि झारखंड के मंत्रियों के घरों से नोटों के पहाड़ मिल रहे हैं. यह सरकार राज्य को लूटने में लगी है. यहां के खनिज संपदा लुटे जा रहे हैं. बाल्टी में बालू बिक रहा है. विदेशी घुसपैठिये झारखंड में घुसपैठ कर बहन बेटियों की इज्जत से खिलवाड़ कर रहे हैं. उन्होंने लोगों से इस बेईमान एवं निकम्मी सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया.

हेमंत सोरेन की सभी घोषणाएं हवा-हवाई : बाबूलाल मरांडी

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार द्वारा इंटरनेट सेवा बंद किये जाने पर कड़ा एतराज जताया है. उन्होंने कहा कि आज इंटरनेट सेवा से ही सब कुछ चलायमान है. इसके बावजूद राज्य सरकार परिवर्तन यात्रा के प्रचार प्रसार को बाधित करने के उद्देश्य से इंटरनेट सेवा बंद की गयी है. उन्होंने कहा कि सरकार चाहे जितने प्रयास एवं षडयंत्र कर ले, परिवर्तन होकर रहेगा. उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार ने पांच वर्ष पूरे झारखंड को ठगने का काम किया. चुनाव से पहले लंबे चौड़े वादे किये लेकिन पांच वर्ष बीत गये और एक भी वादा पूरा नहीं कर सके. श्री मरांडी ने कहा कि हेमंत सोरेन ने अपने पिता की कसम खायी थी कि वह यहां के पांच लाख युवाओं को नौकरी देंगे और नौकरी नहीं दे सके, तो बेरोजगारी भत्ता देंगे. लेकिन इन पांच वर्षों में न तो रोजगार मिला, न ही बेरोजगारी भत्ता. सब्सिडी पर 10 लीटर पेट्रोल का वादा भी हवा हवाई रह गया. उन्होंने कहा कि अब सभी वादों एवं घोषणाओं का हिसाब मांगने का समय आ चुका है. सांसद वीडी राम और भवनाथपुर विधायक भानु प्रताप शाही ने भी विचार व्यक्त किेये.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola