आठ बच्चों की मां ने प्रेमी देवर के साथ मिलकर की थी पति की हत्या, दोनों गिरफ्तार

देवर-भाभी के अवैध संबंध में रोड़ा बना पति, दोनों ने मिलकर कर दी हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार | Prabhat Khabar Network
झारखंड के चिनिया में आठ बच्चों की मां ने अपने देवर के साथ मिलकर पति की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दोनों को जेल भेजा।
प्रतिनिधि, चिनिया : चिनिया थाना क्षेत्र के पाल्हे गांव के पत्थर पनिया जंगल में शनिवार को मिले 50 वर्षीय गोला कोरवा के शव मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. पुलिस जांच में यह मामला आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या का निकला. इस मामले में मृतक की पत्नी संकल्पनीया देवी और मृतक के भाई नारायण कोरवा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. रंका अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रोहित रंजन कुमार सिंह ने सोमवार को चिनिया थाना में प्रेस वार्ता का आयोजन कर बताया कि बीते शनिवार (11 जुलाई) को पाल्हे जंगल में रामवृक्ष कोरवा के पुत्र गोला कोरवा का शव पेड़ से लटका मिला था. मृतक के गले में गमछा बंधा हुआ था.
मृतक के पुत्र ने थाने में दी लिखित शिकायत
मृतक के पुत्र अजय कोरवा ने इस मामले में हत्या की आशंका जताते हुए चिनिया थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करायी थी. इसके बाद पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी आधार पर अनुसंधान शुरू किया और मामले का खुलासा कर दिया. जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के भाई नारायण कोरवा को हिरासत में लेकर पूछताछ की. कड़ाई से पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. उसने बताया कि उसका अपनी सगी भाभी संकल्पनीया देवी, जो आठ बच्चों की मां है, के साथ लंबे समय से अवैध संबंध था.
घटना के एक दिन पहले पत्नी और भाई को आपत्तिजनक स्थिति में देखा
घटना के दिन गोला कोरवा ने दोनों को जंगल में आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया. इसके बाद राज खुलने के डर से दोनों ने मिलकर गोला कोरवा का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. गिरफ्तारी दल में एसडीपीओ रोहित रंजन कुमार सिंह, रंका अंचल निरीक्षक अभिजीत गौतम मिश्रा, चिनिया थाना प्रभारी सह अनुसंधानकर्ता बिकु कुमार रजक, एएसआइ सुखराम उरांव, एएसआइ ओमप्रकाश आदि शामिल थे.
गला दबाकर हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए दिया आत्महत्या का रूप
एसडीपीओ ने बताया कि हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने और मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए दोनों ने मृतक के ही गमछे से शव को पेड़ से लटका दिया. पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










