डंडई प्रखंड कार्यालय में महीनों से डंप है 28 हजार धोती-साड़ी-लूंगी, तकनीकी बाधा से वितरण ठप

पिछले दो-तीन महीनों से सभागार में पड़ा है स्टॉक, पात्र राशन कार्डधारी लाभ से वंचित. | Prabhat Khabar Network
गढ़वा के डंडई प्रखंड में तकनीकी खामियों के कारण 28 हजार धोती-साड़ी-लूंगी महीनों से डंप हैं, जिससे पात्र राशन कार्डधारी सरकारी लाभ से वंचित हो रहे हैं.
रमेश विश्वकर्मा डंडई (गढ़वा) : सरकार की महत्वाकांक्षी योजना 'सोना सोबरन धोती-साड़ी-लूंगी वितरण' डंडई प्रखंड में तकनीकी बाधा और प्रशासनिक सुस्ती के कारण महीनों से अधर में लटकी हुई है. आलम यह है कि पिछले दो-तीन महीनों से प्रखंड कार्यालय के सभागार में हजारों की संख्या में धोती, साड़ी और लूंगी का स्टॉक धूल फांक रहा है, लेकिन अब तक पात्र राशन कार्डधारियों को इसका लाभ नहीं मिल सका है. इससे स्थानीय लाभुकों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है. ग्रामीणों का कहना है कि सरकार गरीबों के लिए योजनाएं तो चला रही है, लेकिन विभागीय लापरवाही और तकनीकी बहानेबाजी के कारण जरूरतमंद लोगों तक समय पर लाभ नहीं पहुंच पा रहा है. जब सामग्री महीनों पहले ही प्रखंड कार्यालय पहुंच चुकी है, तो उसका वितरण भी तत्काल होना चाहिए था.
लोगों ने प्रशासन से अविलंब वितरण शुरू कराने की मांग की है. जानकारी के अनुसार, इन वस्त्रों का वितरण जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानदारों के माध्यम से राशन कार्डधारियों के बीच 10 रुपये की निर्धारित दर पर किया जाना है, लेकिन विभागीय स्तर पर प्रक्रिया पूरी नहीं होने से योजना धरातल पर नहीं उतर सकी है.प्रखंड कार्यालय के नाजिर उमेश राम ने बताया कि 16 अप्रैल 2026 को 6,224 लूंगी, 12 मई 2026 को 12,548 साड़ियां तथा 14 जून 2026 को 9,335 धोतियां प्रखंड कार्यालय को प्राप्त हुई थीं.
उन्होंने बताया कि अब तक 35 पीडीएस दुकानदारों ने प्रखंड कार्यालय से धोती, साड़ी और लूंगी का स्टॉक उठा लिया है, जबकि शेष डीलरों के लिए सामग्री अभी भी प्रखंड कार्यालय में सुरक्षित रखी हुई है. वहीं, कई पीडीएस दुकानदारों ने बताया कि सरकारी व्यवस्था के अनुसार पहले उन्हें प्रखंड कार्यालय से सामग्री का उठाव करना होता है और वितरण के बाद प्रति पीस के एवज में 9 रुपये की राशि प्रखंड कार्यालय में जमा करनी होती है, लेकिन तकनीकी प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण वे वितरण शुरू नहीं कर पा रहे हैं.
इधर, मामले में प्रखंड खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि प्रखंड को अब तक कुल लगभग 28 हजार धोती, साड़ी और लूंगी प्राप्त हो चुके हैं. वितरण के लिए आवश्यक डीएसटी लॉगिन तकनीकी कारणों से काम नहीं कर रहा है, जिसके कारण लाभुकों के बीच सामग्री का वितरण शुरू नहीं हो सका है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि तकनीकी समस्या का समाधान होते ही पीडीएस दुकानदारों के माध्यम से सभी पात्र राशन कार्डधारियों के बीच ससमय वितरण सुनिश्चित कराया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










