East Singhbhum News : ग्वालकांटा में राशन घोटाला जांच में 130 क्विंटल अनाज गायब

Published by : ATUL PATHAK Updated At : 21 Feb 2026 12:19 AM

विज्ञापन

दुकानदार को ब्याज के साथ राशि जमा करने का दिया अल्टीमेटम

विज्ञापन

कालिकापुर. पोटका प्रखंड की ग्वालकाटा पंचायत में जन वितरण प्रणाली के तहत राशन वितरण में बड़ी गड़बड़ी उजागर हुई है. ग्रामीणों की शिकायत पर शनिवार को पोटका की प्रभारी एमओ-सह-सीओ निकिता बाला ने जविप्र दुकानदार मिकी हांसदा की दुकान का औचक निरीक्षण किया. जांच के दौरान सरकारी स्टॉक से 130.26 क्विंटल खाद्यान्न कम पाया गया, जिससे विभाग में हड़कंप मच गया है.

ब्याज समेत वसूली का आदेश, नहीं तो होगी एफआईआर

प्रभारी एमओ निकिता बाला ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दुकानदार को स्पष्टीकरण जारी किया है. दुकानदार को सख्त निर्देश दिया गया है कि सात दिनों के भीतर गायब अनाज की कुल राशि सरकारी खजाने में जमा करें. अनाज की कीमत 40 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से तय की गयी है. इस पर 12 प्रतिशत ब्याज भी वसूला जायेगा. राशि जमा नहीं करने की स्थिति में दुकानदार के विरुद्ध विधि सम्मत कठोर कार्रवाई की जायेगी.

जांच में खुली कालाबाजारी की पोल

सैकड़ों कार्डधारियों ने प्रखंड मुख्यालय में प्रदर्शन कर आरोप लगाया था कि उनसे तीन माह तक फिंगर लगवा लिया गया, लेकिन अनाज नहीं दिया गया. निकिता बाला ने जांच में पाया कि नवंबर 2025 में कुल आवंटन 93.08 क्विंटल था जिसमें 48.94 क्विंटल का ही वितरण किया गया. दिसंबर 2025 में 91.19 में से 88.03 क्विंटल का वितरण हुआ, जबकि जनवरी 2026 में आहार पोर्टल में आवंटन शून्य है, जिससे अगस्त 2025 में कुल आवंटन 90.88 में से 2.90 क्विंटल ही खाद्यान्न वितरित हुआ. कुल तीन माह के स्टॉक के अनुसार दुकान में 135.26 क्विंटल स्टॉक होना चाहिए पर दुकान में सिर्फ 5 क्विंटल ही खाद्यान्न पाया गया, जिससे स्पष्ट हो गया शेष खाद्यान्न की कालाबाजारी की गयी है. मिकी हांसदा के खिलाफ पंचायत के ग्रामीण काफी समय से आक्रोशित थे. ग्रामीणों का कहना था कि गरीब परिवारों के हक का राशन डकार लिया गया है. जांच के बाद प्रभारी एमओ की इस त्वरित कार्रवाई से कार्डधारियों में न्याय की उम्मीद जगी है

मिकी हांसदा की दुकान का लाइसेंस रद्द करने की मांग

ग्वालकांटा पंचायत के जविप्र दुकानदार मिकी हांसदा द्वारा राशन वितरण में गड़बड़ी के मामले में झामुमो पोटका प्रखंड कमेटी का एक प्रतिनिधिमंडल जिला आपूर्ति पदाधिकारी जुल्फीकार अंसारी से मिला. इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राशन वितरण में गड़बड़ी के मामले में जविप्र दुकानदार का लाइसेंस रद्द करने की मांग की. प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मिकी हांसदा ने जविप्र का राशन वितरण करने में गड़बड़ी की, जिसका खुलासा एमओ की जांच में हुई. इसलिए मिंकी हांसदा का लाइसेंस रद्द किया जाये. मौके पर केंद्रीय सदस्य हीरामणि मुर्मू, प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन, सचिव भुवनेश्वर सरदार, उपाध्यक्ष हितेश भकत, संगठन सचिव रमेश सोरेन, महिला नेत्री पिनाकी नायक उपस्थित थे.

समय पर नहीं मिल रहा राशन, उपायुक्त से शिकायत

बोड़ाम. बोड़ाम के जोबा, गागीबुरु, जारकी, गोबरलाद व हरियाकोचा के ग्रामीणों ने समय पर राशन व सही वजन नहीं देने से नाराज होकर शुक्रवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी को गागीबुरु गांव के राशन डीलर के खिलाफ ज्ञापन सौंपा. इस दौरान ग्रामीणों ने राशन कार्ड को दूसरे राशन डीलर के यहां हस्तांतरित करने की मांग की. ग्रामीणों ने ज्ञापन के माध्यम से उपायुक्त को अवगत करवाया कि राशन डीलर रामपद महतो प्रति कार्ड 3-3 किलो अनाज काटता है और जब भी राशन का वितरण करता है, वह नशे में धुत रहता है. ग्रामीणों ने बताया कि ग्रामीणों को तीन महीने का गेहूं व एक महीने का चावल नहीं मिला है.

विज्ञापन
ATUL PATHAK

लेखक के बारे में

By ATUL PATHAK

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola