East Singhbhum News : हांसपुर में सड़क हादसे में बोड़ाम के दो युवक गंभीर
Published by : ATUL PATHAK Updated At : 22 Oct 2025 11:11 PM
DCIM100MEDIADJI_0190.JPG
गोलमुरी पुलिस लाइन का रहने वाला है ललित महतो
पटमदा. पश्चिम बंगाल के हांसपुर में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में झारखंड के बोड़ाम थाना क्षेत्र के दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. हादसा उस वक्त हुआ जब बलरामपुर से लौटते समय उनकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. घायलों की पहचान पेनादा गांव निवासी रामकृष्ण उर्फ प्रकाश महतो (23) और बाघरा गांव निवासी ललित महतो (24) के रूप में हुई है. रामकृष्ण, बोड़ाम थाना में पदस्थापित महिला चौकीदार नियति महतो का पुत्र है, जबकि ललित, जमशेदपुर में कार्यरत महिला सिपाही सुभद्रा महतो का बेटा है. वर्तमान में ललित गोलमुरी पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर में अपनी मां के साथ रहता है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, ललित काली पूजा पर अपने गांव आया हुआ था. इसी दौरान वह अपने मित्र रामकृष्ण के साथ पश्चिम बंगाल के बलरामपुर गया था. लौटते समय बड़ा बाजार-बलरामपुर मुख्य सड़क पर बाइक अनियंत्रित हो गयी, जिससे दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गये. हादसे में रामकृष्ण के सिर और पैर में गंभीर चोटें आयीं, जिससे वह बेहोश हो गया. वहीं ललित के पैर की हड्डी टूट गयी. दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की सहायता से बलरामपुर पुलिस ने दोनों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल रेफर किया गया. डॉक्टरों के अनुसार, रामकृष्ण की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है, जबकि ललित के पैर का ऑपरेशन किया जायेगा. हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी है.
सड़क दुर्घटना में घायल ग्राम प्रधान के पुत्र ने इलाज के दौरान दम तोड़ा
पटमदा. बनकुंचिया गांव निवासी दीपक महतो (40) का बुधवार को निधन हो गया. वे तीन महीने पहले पटमदा के पोकलाबेड़ा गांव के पास एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गये थे. घटना के बाद उनका पहले टीएमएच में इलाज चला. इसके बाद रांची के रिम्स में भी उनका उपचार जारी रहा. करीब 20 दिन पहले अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वे घर पर ही इलाजरत थे. बुधवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण उन्होंने दम तोड़ दिया. दीपक महतो बनकुंचिया पंचायत के ग्राम प्रधान सागर महतो के छोटे पुत्र थे. उनके निधन से गांव में शोक की लहर है. वे अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और वृद्ध माता-पिता को छोड़ गये हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










