झारखंड:कौन हैं प्रो मनोरंजन प्रसाद सिन्हा, जिन्हें सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय का नियुक्त किया गया लोकपाल
Published by : Guru Swarup Mishra Updated At : 11 Feb 2024 9:58 PM
प्रो डॉ मनोरंजन प्रसाद सिन्हा को सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय (एसकेएमयू) का लोकपाल नियुक्त किया गया है. प्रो सिन्हा एसकेएमयू के कुलपति रह चुके हैं और रांची विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त प्रोफेसर हैं.
दुमका, आनंद जायसवाल: सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय (एसकेएमयू) के पूर्व कुलपति प्रो डॉ मनोरंजन प्रसाद सिन्हा को विश्वविद्यालय का लोकपाल नियुक्त किया गया है. विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो डॉ बिमल प्रसाद सिंह के आदेश पर कुलसचिव डॉ विनय कुमार सिन्हा ने शनिवार को इसकी अधिसूचना जारी की. अधिसूचना के अनुसार प्रो सिन्हा को अधिकतम 3 वर्ष या 70 वर्ष का आयु पूरी करने तक विश्वविद्यालय का लोकपाल नियुक्त किया गया है. बता दें कि प्रो डॉ मनोरंजन प्रसाद सिन्हा एसकेएमयू के कुलपति रह चुके हैं और रांची विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त प्रोफेसर हैं.
पत्र के आलोक में हुई लोकपाल की नियुक्ति
लोकपाल की नियुक्ति एसकेएमयू के कुलपति प्रो डॉ बिमल प्रसाद सिंह द्वारा यूजीसी और राजभवन से प्राप्त चिट्ठी के आलोक में विज्ञापन निकालकर किया गया. इसमें ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 8 फ़रवरी निर्धारित की गयी थी. यूजीसी की छात्र शिकायत निवारण अधिनियम 2023 के अनुसार सभी विश्वविद्यालयों को एक ऐसे व्यक्ति को लोकपाल नियुक्त करना है, जो सेवानिवृत्त कुलपति, सेवानिवृत्त प्रोफेसर या पूर्व जिला न्यायाधीश रहे हों.
Also Read: दुमका : चार वर्षीय यूजी प्रोग्राम के लिए नया सिलेबस तैयार करेगा सिदो कान्हू मुर्मू युनिवर्सिटी
लोकपाल करेंगे इन मामलों की सुनवाई
यूजीसी के छात्र शिकायत निवारण अधिनियम 2023 के अनुसार विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों के छात्रों की समस्याओं, उत्पीड़न और शोषण की सुनवाई लोकपाल करेंगे. लोकपाल नामांकन, कोर्स, परीक्षा के संचालन में अथवा मूल्यांकन की प्रक्रिया में गड़बड़ी के मुद्दों सहित अन्य मामलों पर छात्रों की शिकायत/अपील के आधार पर कार्रवाई करेंगे. लोकपाल कथित रूप से किये गये भेदभाव की शिकायतों की सुनवाई करने के लिए न्याय मित्र के रूप में किसी भी व्यक्ति की सहायता प्राप्त कर सकते हैं. लोकपाल पीड़ित छात्र से अपील प्राप्त होने के 30 दिनों के भीतर शिकायतों का समाधान करने का प्रयास करेंगे. इसके तहत विश्वविद्यालय एक ऑनलाइन पोर्टल तैयार करेगा, जहां कोई भी पीड़ित छात्र अपनी शिकायत के निवारण के लिए आवेदन कर सकेगा. जिसपर पर पहले छात्र शिकायत निवारण समिति सुनवाई करेगी. समिति द्वारा समाधान नहीं होने पर उस मामला को लोकपाल के पास भेजा जायेगा.
कौन हैं प्रो मनोरंजन प्रसाद सिन्हा?
प्रो मनोरंजन प्रसाद सिन्हा रांची विश्विद्यालय के स्नातकोत्तर जंतु विभाग के प्रोफेसर थे और वर्ष 2017 से 2020 तक सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय में कुलपति रहे. इनसे पूर्व वे बिनोबा भावे विश्वविद्यालय हज़ारीबाग़ में प्रति कुलपति थे. रांची विश्विद्यालय में वे विभागाध्यक्ष, संकायाध्यक्ष सहित विश्विद्यालय के कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं. प्रो सिन्हा यूनिवर्सिटी सर्विस से 2022 में सेवानिवृत्त हो चुके हैं. वे जब एसकेएमयू के कुलपति थे, उनके कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण कार्य हुए थे, जिसमें एकेडेमिक भवन एवं प्रशासनिक भवन का निर्माण, पुलिस पोस्ट की स्थापना, शहीद टीला का निर्माण इत्यादि शामिल हैं. आज भी अनियमित सत्र को नियमित करने के लिए उनके द्वारा किए गए प्रयास को सराहा जाता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Guru Swarup Mishra
मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










