ePaper

PHOTOS: दो फरवरी को झामुमो का स्थापना दिवस, पार्टी के झंडों से पटा दुमका का गांधी मैदान

Updated at : 01 Feb 2023 7:15 PM (IST)
विज्ञापन
PHOTOS: दो फरवरी को झामुमो का स्थापना दिवस, पार्टी के झंडों से पटा दुमका का गांधी मैदान

झारखंड मुक्ति मोर्चा का 44वां झारखंड दिवस दो फरवरी को है. इसको लेकर उपराजधानी दुमका के गांधी मैदान समेत पूरे शहर को झामुमो के झंडे से पाट दिया गया है. गुरुवार को होने वाले कार्यक्रम की तैयारी अंतिम चरण में है. गुरुजी शिबू सोरेन, सीएम हेमंत सोरेन समेत अन्य नेता सभा को संबोधित करेंगे.

विज्ञापन
undefined
दुमका में झामुमो का 44वां स्थापना दिवस

Jharkhand News: झारखंड मुक्ति मोरचा का 44वां झारखंड दिवस उपराजधानी दुमका के गांधी मैदान में दो फरवरी को मनाया जायेगा. इसको लेकर पूरे शहर को झंडे-बैनर एवं पोस्टर से पाट दिया गया है. गांधी मैदान में शाम के वक्त शुरू होनेवाली इस सभा से पहले एसपी कॉलेज मैदान में संताल परगना से जुटे नेता-कार्यकर्ता एवं समर्थक परंपरागत वेशभूषा, तीर-धनुष तथा नगाढ़े के साथ रैली निकालेंगे, जो विभिन्न चौक-चौराहों से होते हुए गांधी मैदान पहुंचेगी और सभा में तब्दील हो जायेगी. यहां पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन पार्टी का झंडा फहराकर तथा पार्टी के शहीद एवं दिवंगत नेताओं को शहीद वेदी में श्रद्धापुष्प अर्पित कर सभा की शुरुआत करेंगे. वहीं, मुख्यमंत्री सह कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन गुरुवार को दुमका पहुंचेंगे. पार्टी के राजमहल सांसद विजय हांसदा, दुमका विधायक बसंत सोरेन, शिकारीपाड़ा विधायक नलिन सोरेन, जामा विधायक सीता सोरेन के अलावा दूसरे जिलों से भी विधायक, पूर्व विधायक, केंद्रीय पदाधिकारी एवं जिला अध्यक्ष इस कार्यक्रम को संबोधित करेंगे.

undefined
पार्टी नेता-कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का होगा संचार

झारखंड दिवस को लेकर दुमका विधायक बसंत सोरेन ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि पार्टी का आयोजन अपने आपमें ऐतिहासिक होता है. पूरा संताल परगना पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन को सुनने के लिए उमड़ती है. उनके दिशा-निर्देश पर पूरे साल कार्यकर्ता चलते हैं. राज्य में अपनी सरकार है. यह सरकार क्या काम कर रही है, सरकार की क्या योजनाएं हैं. इन सभ्ज्ञी बातों पर भी चर्चा होगी. देर रात तक चलनेवाले इस कार्यक्रम में गुरुजी के संबोधन से पार्टी नेता-कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार होता है. इस बार भी पूरे संताल परगना से लोग जुटेंगे. दूसरे राज्यों से भी लोग आएंगे. वहीं, महेशपुर विधायक प्रो स्टीफन मरांडी ने कहा कि साल दर साल इस झारखंड दिवस को लेकर उत्साह बढ़ता रहा है और गांधी मैदान छोटा पड़ता रहा है. इस साल का आयोजन भी अपने पुराने रिकार्ड को तोड़ेगी. एक सवाल के जवाब में पार्टी के केंद्रीय महासचिव और प्रमंडलीय संयोजक विजय कुमार सिंह ने कहा कि वृहत झारखंड झामुमो के संकल्प में है. सत्ता में रहकर हम झारखंड को संवार भी रहे हैं. केंद्रीय समिति वृहत झारखंड को लेकर अब भी अपना काम कर रही है. पत्रकार वार्ता में शिकारीपाड़ा के विधायक और विधानसभा में मुख्य सचेतक नलिन सोरेन भी मौजूद थे.

undefined
गांधी मैदान में बना भव्य मंच, शीर्ष पर दिखेगा तीर-धुनष

इधर, पार्टी के स्थापना दिवस को लेकर गांधी मैदान में सभा के लिए भव्य मंच बनाया जा रहा, जिसे अंतिम रूप देने के लिए कारीगर लगे हुए हैं. मंच के शीर्ष पर बड़े आकार का तीर-धनुष जगमगाता हुआ नजर आयेगा. उसके नीचे पार्टी के तमाम नेताओं की तस्वीर लगी हार्डिंग लगी रहेगी. मंच के सामने 44 झंडे लहराये जायेंगे. 45वें झंडे को पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन द्वारा फहराया जायेगा. शहर में सभी प्रमुख मार्ग पर महापुरूषों, अमर शहीदों एवं पार्टी के दिवंगत नेताओं की याद में तोरण द्वार भी बनवाये गये हैं. चौक-चौराहों पर आकर्षक विद्युत सज्जा भी की गयी है.

undefined
पिछले दो साल में सीमित दायरे में हुआ था आयोजन

झारखंड मुक्ति मोरचा का यह राजनीतिक आयोजन पिछले दो वर्ष 2021 और 2022 में कोरोना की वजह से बेहद सीमित दायरे में जिला स्तर पर आयोजित हुआ था. संताल परगना के दूसरे जिले से लोग नहीं आ सके थे, लेकिन हर जिले ने अपने-अपने इलाके में झारखंड दिवस मनाया था. इस बार स्थिति सामान्य है. लिहाज कार्यक्रम काफी धूमधाम से आयोजित होगा. पार्टी के नेता-कार्यकर्ता इस बार के आयोजन को ऐतिहासिक बनाने में लगे हुए हैं.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola