रक्तदान से महिला सशक्तीकरण तक राज्यपाल का संदेश, दुमका में ड्रोन शो ने भी खींचा ध्यान
ड्रोन शो का नजारा | Prabhat Khabar Network
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने नागरिकों से संवाद किया और रक्तदान व महिला सशक्तिकरण पर जोर दिया.
दुमका : स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को लोक भवन दुमका में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले नागरिकों से संवाद किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि समाज के विकास में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है. जनहित से जुड़े विषयों को लेकर वे सदैव सुलभ हैं.

राज्यपाल ने रक्तदान के लिए जागरूकता बढ़ाने की अपील की
राज्यपाल ने रक्तदान के महत्व पर चर्चा करते हुए कहा कि समाज में रक्तदान को लेकर कई भ्रांतियां हैं, जिन्हें जागरूकता के माध्यम से दूर करने की आवश्यकता है. रक्तदान किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने का माध्यम है. उन्होंने नागरिकों से नियमित रूप से रक्तदान करने और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी पूर्व में नियमित रूप से रक्तदान करते रहे हैं. राज्यपाल ने रक्तदान के साथ अंगदान जैसे मानवीय कार्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया. उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से ऐसे सामाजिक कार्यों में आगे बढ़कर अपनी भूमिका निभाने की अपील की.

महिला सशक्तीकरण के लिए बेहतर अवसर और बाजार की जरूरत
महिला सशक्तीकरण पर राज्यपाल ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में बेहतर कार्य कर रही हैं. इससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ आत्मविश्वास में भी वृद्धि हुई है. उन्होंने कहा कि संताल परगना की महिलाओं की मेहनत और प्रतिभा को उचित अवसर एवं बाजार उपलब्ध कराया जाए, तो वे और आगे बढ़ सकती हैं.
राज्यपाल ने कला और लोक संस्कृति के संरक्षण पर दिया जोर
राज्यपाल ने झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को अमूल्य धरोहर बताते हुए पारंपरिक कला, चित्रकला, हस्तशिल्प और लोक संस्कृति की विशिष्ट विधाओं के संरक्षण एवं संवर्धन पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि विकास के साथ अपनी सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं को सुरक्षित रखना भी सभी की जिम्मेदारी है. स्थानीय कलाकारों और शिल्पकारों को प्रोत्साहित करने तथा उनकी कला को व्यापक मंच उपलब्ध कराने की आवश्यकता है.
राज्यपाल ने नागरिकों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया
संवाद के दौरान राज्यपाल ने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय नागरिकों के अनुभव और सुझाव भी सुने. सामाजिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया. स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राज्यपाल ने सभी उपस्थित नागरिकों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व अर्पित करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और संघर्ष का स्मरण कराता है. उन्होंने सभी नागरिकों से राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया.

राज्यपाल ने देखा ड्रोन शो, पूर्व विधायक सीता सोरेन समेत कई लोगों ने की मुलाकात
संवाद कार्यक्रम के उपरांत राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने लोक भवन दुमका से ड्रोन शो का अवलोकन किया. स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित इस कार्यक्रम ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया. इससे पूर्व राज्यपाल से पूर्व विधायक सीता सोरेन सहित कई सामाजिक राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय लोगों ने मुलाकात की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








